सारण में पड़ोसी की हत्या के मामले में 2 सगे भाइयों को उम्रकैद, कोर्ट ने जुर्माना भी लगाया
सारण जिले के छपरा में एक अदालत ने हत्या के दोषी दो सगे भाइयों को उम्रकैद और 25-25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
छपरा कोर्ट ने दो सगे भाइयों को उम्रकैद सुनाई।
कूड़े के विवाद में पड़ोसी नसीम आलम की हत्या की थी।
दोषी सद्दाम हुसैन और नौशाद आलम पर जुर्माना भी लगा।
जागरण संवाददाता, छपरा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम रविशंकर की अदालत ने हत्या के एक मामले में दो सगे भाइयों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
न्यायालय ने खैरा थाना क्षेत्र के छोटा तकिया निवासी सद्दाम हुसैन और नौशाद आलम को भारतीय दंड संहिता की धारा 302/34 के तहत दोषी पाते हुए उम्रकैद तथा 25-25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
न्यायालय ने यह भी आदेश दिया कि अभियुक्तों द्वारा जेल में बिताई गई अवधि को सजा में समायोजित किया जाएगा। मामला खैरा थाना कांड संख्या 413/22 और सत्र वाद संख्या 316/23 से संबंधित है।
अभियोजन के अनुसार 13 नवंबर 2022 को दर्ज प्राथमिकी में मृतक नसीम आलम के पुत्र मोहम्मद परवेज आलम ने आरोप लगाया था कि उनके पिता सुबह अपने घर के सामने सफाई कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी और पट्टीदार सद्दाम हुसैन एवं नौशाद आलम के साथ कूड़ा और सफाई को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपितों ने चाकू से नसीम आलम पर हमला कर दिया। आरोप है कि उनके पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के अगले दिन 14 नवंबर 2022 को पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद से दोनों न्यायिक हिरासत में मंडल कारा छपरा में बंद हैं।
7 गवाहों की हुई गवाही
मुकदमे के दौरान उनकी जमानत याचिका भी न्यायालय द्वारा खारिज कर दी गई थी। अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक रामनारायण प्रसाद ने मामले की पैरवी की।
सुनवाई के दौरान चिकित्सक और अनुसंधानकर्ता समेत कुल सात गवाहों की गवाही कराई गई। पुलिस ने 22 दिसंबर 2022 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था।
सजा के बिंदु पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए कड़ी सजा की मांग की थी, जिसके बाद न्यायालय ने दोनों आरोपितों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
यह भी पढ़ें- JLNMCH का लैब टेक्नीशियन निकला खून का दलाल, अब विभाग लेगा एक्शन