बिहार: छोटे भाई ने की लव मैरिज, बड़े भाई को चुकानी पड़ी कीमत; शादी की खुशियों के बीच घर में घुसकर मारी गोली
सारण के नैनी गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव में उसके पिता भी घायल हो गए, जबकि हमलावर फरार हो गए।

छपरा सदर अस्पताल में रोते बिलखते स्वजन। जागरण
HighLights
प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या।
पिता जितेंद्र सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल।
चार हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में प्रेम प्रसंग का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार को दिनदहाड़े चार हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव में उसके पिता को भी गोली लग गई।
वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। मृतक की पहचान नैनी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। घायल पिता का सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

छपरा सदर अस्पताल में घटना की जानकारी लेने पहुंचे एसडीपीओ सुमित शेखर। जागरण
घर में घुसते ही बरसाईं गोलियां:
स्वजन के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान चार हथियारबंद लोग घर में घुस आए। उन्होंने आलोक कुमार सिंह को निशाना बनाकर गोली मार दी।
पिता जितेंद्र कुमार सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक गोलियों की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग जुटे और दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया।
छोटे बेटे के प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद:
घायल पिता ने बताया कि उनके छोटे बेटे अभिषेक कुमार का गांव की ही एक लड़की से करीब ढाई वर्ष पहले प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। दोनों बाद में नोएडा में रहने लगे। बताया जाता है कि लड़की अभिषेक के साथ घर से चली गई थी और दोनों ने शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
गुजरात से शादी समारोह में शामिल होने गांव आए थे पिता:
जितेंद्र गुजरात में काम करते थे। अभिषेक नोएडा में रहता है, जबकि आलोक आगरा के एक होटल में काम करता था। परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आए थे। इसी दौरान वारदात हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।