सारण में दिनदहाड़े किडनैपिंग: स्कूल जा रही छात्रा को कार में खींचा, बक्से में किया बंद
सारण के मशरक में स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा को दिनदहाड़े कार से अगवा कर लिया गया, जिसे पड़ोसी ...और पढ़ें

स्कूल जा रही छात्रा को कार में खींचा, बक्से में बंद किया (AI Generated Image)
HighLights
मशरख में स्कूल जा रही छात्रा को कार से अगवा किया।
पड़ोसी की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
छात्रा को बक्से में बंद पाया, दो आरोपी गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, मशरक (सारण)। सारण के मशरक थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा को चार पहिया वाहन से अगवा कर लिया गया। छात्रा के पड़ोसी युवक ने घटना देख साइकिल से वाहन का पीछा करते हुए उसके स्वजन को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस की सक्रियता से छात्रा को कुछ ही देर में सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
साइकिल से पीछा कर स्वजन को दी सूचना:
बताया जाता है कि छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसे जबरन चार पहिया वाहन में बैठा लिया। घटना को उसी रास्ते से जा रहे छात्रा के पड़ोसी युवक ने देख लिया।
उसने तत्काल मोबाइल से छात्रा के घर सूचना दी और साइकिल से ही वाहन का पीछा शुरू कर दिया। वाहन मुख्य मार्ग पर चढ़कर तरैया की ओर जाने लगा। तब तक छात्रा के स्वजन भी मुख्य मार्ग पर पहुंच गए।
112 की गश्ती टीम भी खोजबीन में जुटी:
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद 112 की गश्ती टीम वाहन की तलाश में जुट गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन मशरक रेलवे ढाला के पूरब कृष्णा होटल के पास रुका है। स्वजन के साथ पुलिस वहां पहुंची और होटल संचालक से पूछताछ की।
निर्माणाधीन मकान में बक्से से मिली छात्रा:
पुलिस ने होटल के पास से दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पास के एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की गई। वहां एक बड़े बक्से के अंदर बंद छात्रा को बरामद किया गया। पुलिस छात्रा और दोनों आरोपितों को थाना लेकर पहुंची।
छेड़छाड़ का भी लगाया आरोप:
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने बताया कि दोनों युवकों ने उसे जबरन वाहन में बैठाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद उसे होटल ले जाया गया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगने पर दोनों उसे बक्से में बंद कर वहां से चले गए।
दादा के बयान पर प्राथमिकी:
छात्रा के दादा के बयान पर प्राथमिकी अंकित कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्रा को न्यायालय में 164 के बयान के लिए भेजा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपित मशरक बाजार के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
