विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी की मेडिकल जांच, अब कोर्ट में होगी पेशी

Published: Thu, 24 Sep 2026 06:17 PM (IST)

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज है। मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों में से एक को गुरुवार को मेडिकल जांच के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अन्य गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध भी विधि-सम्मत कार्रवाई में जुटी है। मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद अब आरोपितों की कोर्ट में पेशी को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

वायरल वीडियो के बाद छह घंटे में गिरफ्तारी

कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के समीप सड़क पर लड़की के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो बुधवार देर शाम इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही तकनीकी जांच शुरू की गई।

घटनास्थल की पहचान जगतसिंहपुर बांध के समीप सड़क के रूप में की गई। इसके बाद आरोपितों की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, वीडियो सामने आने की सूचना के करीब छह घंटे के भीतर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

चार आरोपित पुलिस की गिरफ्त में

गिरफ्तार आरोपितों में जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। वीडियो में तीन-चार युवक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस पदाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की पहचान स्थापित होने का इंतजार किए बिना पुलिस पदाधिकारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की। कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26 में भारतीय न्याय संहिता, पाक्सो एक्ट और आइटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वीडियो शेयर नहीं करने की अपील

पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रही लड़की प्रथमदृष्ट्या नाबालिग प्रतीत हो रही है। उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास जारी है। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने लोगों से वीडियो को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कंटेंट साझा नहीं किया जाए, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो। पुलिस वीडियो के स्रोत और उसके प्रसार की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में युवती से बदसलूकी पर सांसद का कड़ा संदेश, बोलीं- नहीं होगा समझौता

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, वीडियो शेयर करने पर होगी कानूनी कार्रवाई