विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में युवती से बदसलूकी पर सांसद का कड़ा संदेश, बोलीं- नहीं होगा समझौता

By Prakash KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 24 Sep 2026 01:25 PM (IST)

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम में युवती से बदसलूकी की घटना पर सांसद शाम्भवी ने कड़ा रुख अपनाया है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी।

समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी।

HighLights

  1. सांसद शाम्भवी ने युवती से बदसलूकी पर कड़ा रुख अपनाया।

  2. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, चार गिरफ्तार।

  3. पीड़िता की पहचान उजागर न करने की अपील, संवेदनशीलता बरतें।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। कर्पूरीग्राम में युवती के साथ हुई बदसलूकी की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। मामले को लेकर समस्तीपुर की सांसद शाम्भवी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने घटना को निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस-प्रशासन के लगातार संपर्क में

सांसद ने इंटरनेट मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि उन्हें घटना की जानकारी बुधवार देर रात मिली। इसके बाद से ही वह लगातार जिले के पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं।

उन्होंने अधिकारियों से बात कर मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। सांसद के अनुसार, घटना से संबंधित वीडियो के आधार पर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई

शाम्भवी ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवतियों के सम्मान की रक्षा समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। वह मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर भी अधिकारियों के संपर्क में रहेंगी।

MP

पीड़िता का वीडियो प्रसारित नहीं करने की अपील

सांसद ने घटना से संबंधित वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने को लेकर लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी वीडियो को साझा नहीं किया जाना चाहिए, जिससे पीड़िता का चेहरा या उसकी पहचान उजागर होती हो। पीड़िता की गरिमा और पहचान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।

संवेदनशीलता बरतने की अपील

उन्होंने कहा कि पुलिस भी लगातार यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि पीड़िता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रहे। सांसद ने समस्तीपुरवासियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर की हर बेटी का सम्मान, सुरक्षा और गरिमा समाज की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- जमुई के बाद अब समस्तीपुर में सरेराह युवती से बदसलूकी, फोटो लेने रुकी लड़की के साथ मनचलों ने किया बैड 'टच'

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, वीडियो शेयर करने पर होगी कानूनी कार्रवाई