विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई के बाद अब समस्तीपुर में सरेराह युवती से बदसलूकी, फोटो लेने रुकी लड़की के साथ मनचलों ने किया बैड 'टच'

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:47 AM (IST)

समस्तीपुर में एक युवती के साथ सरेराह अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। ...और पढ़ें

समस्तीपुर में सरेराह युवती से बदसलूकी

समस्तीपुर में सरेराह युवती से बदसलूकी

HighLights

  1. समस्तीपुर में युवती से सरेराह अभद्रता का वीडियो वायरल।

  2. फोटो लेने रुकी युवती को युवकों ने घेरा, बदसलूकी की।

  3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चार युवकों को हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। जमुई में एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि समस्तीपुर से भी एक युवती के साथ सरेराह अभद्रता का एक वीडियो सामने आ गया। 

जिला मुख्यालय के महज कुछ किलोमीटर दूर कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर फोटो लेने रुकी एक युवती को कुछ युवकों ने कथित तौर पर घेर लिया। 

चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ

आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बुधवार रात से वायरल हो गया। उधर वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस सक्रिय हुई। 

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर  त्वरित कार्रवाई करते हुए जगतसिंहपुर गांव निवासी चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए भी पुलिसिया छानबीन जारी है।

सड़क किनारे फोटो ले रही थी युवती, तभी पहुंचे युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती एक युवक के साथ बांध बाइपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में कुछ युवक- युवती से उसका नाम-पता पूछते और कथित तौर पर गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ गलत तरीके से छूने ( बैड टच) और उसे सड़क पर खींचते दिखाई दे रहे है। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। 

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

बुधवार देर शाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वारयल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की। 

पुलिस द्वारा चिह्नित आरोपित युवकों की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र स्थित जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास शर्मा व राहुल कुमार के रूप में हुई है। विकास शर्मा पर शराब से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार अब तक दो युवकों की पहचान की गई है। 

अन्य लोगों की भूमिका और घटना में उनकी संलिप्तता की भी जांच व अन्य आरोपित की पहचान की जा रही है। वहीं मामले की गंभीरता के मद्देनजर समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने वायरल वीडियो की सत्यता की त्वरित जांच करने और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें- जमुई छेड़छाड़ मामले के आरोपी नंदन का पिता भी अरेस्ट, 23 साल पुराने डबल मर्डर में हुई गिरफ्तारी