सारण में खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई: 480 दुकानों पर छापेमारी, 2 के लाइसेंस रद
छपरा में रबी मौसम में उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
प्रशासन ने खाद की कालाबाजारी पर सख्ती बढ़ाई।
जिले में 480 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई।
दो अनुज्ञप्तियां रद, चार निलंबित; पर्याप्त खाद उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, छपरा। रबी मौसम में किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी व जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
जिले में अब तक 480 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है। अनियमितता मिलने पर दो उर्वरक प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति रद की गई है। वहीं, दो थोक उर्वरक विक्रेताओं और दो बीज विक्रेताओं की अनुज्ञप्ति निलंबित की गई है।
जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार, जिले में रबी मौसम के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं। वर्तमान में 12,706.68 मीट्रिक टन यूरिया, 3,684.30 मीट्रिक टन डीएपी और 5,540.05 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इसके अलावा पोटाश और एसएसपी का भी पर्याप्त भंडार है।
उर्वरक बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विक्रेताओं की सूची प्रतिदिन एनआइसी सारण की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है। प्रतिष्ठानों के स्टॉक का नियमित सत्यापन भी किया जा रहा है।
विभाग ने यूरिया का 45 किलोग्राम बोरा 266.50 रुपये और डीएपी का 50 किलोग्राम बोरा 1,350 रुपये निर्धारित किया है। अन्य उर्वरकों की बिक्री भी निर्धारित दर पर करने का निर्देश दिया गया है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से निर्धारित दर पर ही खाद खरीदने और कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत जिला हेल्प डेस्क के दूरभाष नंबर 06152-248042 अथवा संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी से करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- सारण: युवती की फोटो एडिट कर ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण के बाद गहने और तीन लाख रुपये ऐंठे; केस दर्ज