सारण: युवती की फोटो एडिट कर ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण के बाद गहने और तीन लाख रुपये ऐंठे; केस दर्ज
मढ़ौरा में एक युवती को ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण और लाखों रुपये व जेवरात ऐंठने का गंभीर मामला सामने आया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
युवती को ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण का आरोप।
आरोपी ने तीन लाख रुपये और जेवरात ऐंठे।
शादी का झांसा देकर दिल्ली-बेंगलुरु ले गया।
संवाद सूत्र, मढ़ौरा (सारण)। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है।
गांव के ही एक युवक पर आपत्तिजनक तस्वीर और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 वर्षीय युवती का लंबे समय तक शोषण करने का आरोप है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उससे तीन लाख रुपये नकद और शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात भी ले लिए। शादी का झांसा देकर उसे दिल्ली और फिर बेंगलुरु ले गया। वहां दूसरे लोगों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की है।
इंस्टाग्राम की तस्वीर से किया ब्लैकमेल
युवती के अनुसार, सितंबर 2024 में गांव का श्याम कुमार महतो उससे फोन पर बातचीत करने लगा। आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम से उसकी तस्वीर लेकर आपत्तिजनक रूप में संपादित कर ली।
तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। हथियार का भय दिखाकर आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और लगातार शोषण करता रहा।
तीन लाख रुपये और जेवरात भी ऐंठे
पीड़िता का आरोप है कि वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर आरोपी ने अलग-अलग समय में करीब तीन लाख रुपये और शादी के लिए रखे सोने-चांदी के आभूषण ले लिए।
10 मार्च 2025 को परिवार ने उसकी सगाई दूसरी जगह तय की तो आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया।
मंदिर में शादी का दिखावा, फिर बेंगलुरु ले गया
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने शादी का भरोसा देकर 14 अप्रैल 2025 को युवती को 38 हजार रुपये लेकर घर से बुलाया।
उसे दिल्ली में अपने मामा विजय कुमार महतो के पास ले गया। 16 अप्रैल को एक हनुमान मंदिर में मांग में सिंदूर डालकर शादी का दिखावा किया। इसके बाद बेंगलुरु ले गया। वहां दूसरे लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और बेचने की बात कहने का आरोप है।
पंचायत के फैसले से भी नहीं निकला समाधान
किसी तरह युवती बेंगलुरु से गांव लौटी और पंचायत बुलाई। आरोप है कि युवक ने पंचायत का फैसला मानने से इनकार कर दिया।
इसके बाद उसके माता-पिता ने भी गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। पीड़िता ने उन पर आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित करने का भी आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में पति ने साथ रखने से किया इनकार, सड़क पर कॉलर पकड़कर घसीटने लगी नाराज पत्नी