विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण के बिना बोर्ड वाले निजी अस्पताल में बड़ा हादसा, डिलीवरी से पहले जच्चा-बच्चा की मौत; डॉक्टर फरार

By Amritesh KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Fri, 13 Nov 2026 03:36 PM (IST)

सारण के मढ़ौरा स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव से पहले 25 वर्षीय महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत ...और पढ़ें

डिलीवरी से पहले जच्चा-बच्चा की मौत

डिलीवरी से पहले जच्चा-बच्चा की मौत

HighLights

  1. मढ़ौरा निजी अस्पताल में प्रसव पूर्व मां और शिशु की मौत।

  2. परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, डॉक्टर दिनेश राय फरार।

  3. बिना बोर्ड वाले अस्पताल पर सवाल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

संवाद सूत्र, मढ़ौरा (सारण)। सारण के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के असोईयां स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव की उम्मीद लेकर पहुंची महिला की जिंदगी ही दांव पर लग गई। दूसरे बच्चे को जन्म देने से पहले 25 वर्षीय महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। 

घटना से आक्रोशित स्वजन ने शुक्रवार को एंबुलेंस से शव अस्पताल पहुंचाकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल संचालक और चिकित्सक पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पैसे की मांग के बाद बिगड़ी स्थिति

मृतका की पहचान मकेर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी रोहित कुमार पासवान की पत्नी लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। वह दूसरे प्रसव के लिए गुरुवार को असोईयां स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हुई थीं। स्वजन का आरोप है कि चिकित्सक दिनेश राय ने इलाज के नाम पर पैसे की मांग की। इसके बाद परिजन पैसों की व्यवस्था करने चले गए।

शुक्रवार को अस्पताल लौटने पर चिकित्सक ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, महिला को जब एंबुलेंस पर रखा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना में गर्भस्थ शिशु की भी जान चली गई।

एक वर्षीय बेटी के सिर से उठा मां का साया

लक्ष्मी देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी एक वर्षीय पुत्री आरोही कुमारी है। मृतका बरदहियां निवासी लालदेव मांझी की पुत्री थीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि समय पर समुचित इलाज मिलता तो मां और बच्चे की जान बच सकती थी।

बिना बोर्ड के अस्पताल संचालन पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद कथित चिकित्सक के फरार होने की बात भी सामने आई है। 

बिना बोर्ड के संचालित बताए जा रहे इस निजी अस्पताल में महिला की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी चिकित्सा संस्थानों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने प्रशासन से अस्पताल की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- ट्रेन के शौचालय में बैठकर सफर और सीटों के बीच चादर का झूला! छठ पर बिहार पहुंचने की जिद के आगे छोटी पड़ी हर मुश्किल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।