विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन के शौचालय में बैठकर सफर और सीटों के बीच चादर का झूला! छठ पर बिहार पहुंचने की जिद के आगे छोटी पड़ी हर मुश्किल

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:41 PM (IST)

छठ महापर्व पर घर पहुंचने की चाह में यात्रियों को भारी भीड़ और असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। ...और पढ़ें

सीटों के बीच चादर का झूला

सीटों के बीच चादर का झूला

HighLights

  1. छठ महापर्व पर घर पहुंचने को ट्रेनों में भारी भीड़।

  2. यात्री शौचालय और चादर के सहारे यात्रा करने को मजबूर।

  3. असुविधाओं के बावजूद, आस्था से परिवार संग छठ मनाने की चाह।

हरि प्रकाश मिश्रा, छपरा। छठ महापर्व पर घर पहुंचने की चाह में यात्रियों को सफर की हर मुश्किल मंजूर है। ट्रेनों में उमड़ रही भीड़ के बीच सीट मिलना तो दूर, खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही है। 

शुक्रवार की सुबह छपरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या छह पर अमृतसर से पहुंची जनसेवा एक्सप्रेस में भी भीड़ का ऐसा ही नजारा दिखा। सुबह 7:14 बजे ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों की परेशानी सामने आ गई। कोच के भीतर दो सीटों के बीच चादर बांधकर बैठने की जगह बनाई गई थी। 

अर्घ्य से पहले परिवार के बीच पहुंचने की कोशिश

शौचालय से लेकर पावदान तक यात्री भरे थे। बुजुर्ग महिलाओं और बच्चों के साथ सफर कर रहे लोगों को भी इसी हालात में यात्रा करनी पड़ रही है।

प्लेटफार्म पर छठ गीतों की गूंज, चाय-नाश्ते की आवाज और घर लौटने की बेचैनी के बीच हर यात्री जल्द से जल्द अपने घर पहुंचना चाहता है। किसी के हाथ में गठरी थी तो कोई बच्चों को संभालते हुए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। सबकी कोशिश अर्घ्य से पहले परिवार के बीच पहुंचने की थी।

शौचालय में बैठकर तय कर रहीं सफर

भीड़ के बीच पूर्णिया निवासी लालझड़ी देवी ने बताया कि वह अमृतसर में दूध का कारोबार करती हैं। छठ मनाने के लिए घर लौटना जरूरी था, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण शौचालय में बैठकर सफर करना पड़ रहा है। छठी मइया के प्रति आस्था के कारण इतनी परेशानी भी सहन कर रही हैं। 

वहीं, झाझा निवासी ललिता देवी लुधियाना की एक फैक्ट्री में बच्चों के साथ काम करती हैं। उनका छठ व्रत है और नहाय-खाय भी हो चुका है। अब उनकी कोशिश किसी तरह समय पर घर पहुंचने की है।

स्पेशल ट्रेनों के बाद भी कम नहीं हुई भीड़

रेलवे की ओर से 60 से अधिक पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, इसके बावजूद यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। छपरा होकर गुजरने वाली आम्रपाली, जनसेवा और बिहार संपर्क क्रांति जैसी नियमित ट्रेनों में भी भारी भीड़ है। आरक्षित कोचों में भी यात्रियों को जगह नहीं मिल पा रही है।

भीड़ के साथ ट्रेनों की देरी ने भी यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। कई ट्रेनें 10 से 12 घंटे तक विलंब से चल रही है। मुंबई, दिल्ली, पंजाब और कोलकाता से लौट रहे प्रवासियों को घंटों खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। कोई फर्श पर बैठकर तो कोई चादर के सहारे बनाए गए अस्थाई स्थान पर सफर कर रहा है। इसके बावजूद छठ पर परिवार के साथ रहने की चाह में लोग हर परेशानी उठाने को तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- छपरा से टाटा जाना हुआ आसान, रेलवे ने चलाई दो फेरे की स्पेशल ट्रेन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।