थानाध्यक्ष ने निकाली चप्पल और तान दी पिस्टल, छपरा में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान विवाद, Video वायरल
छपरा के मकेर प्रखंड में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान थानाध्यक्ष द्वारा ग्रामीणों पर पिस्टल तानने का मामला सामने आया है।
-1791130935698_m.webp)
पुलिस ने तानी पिस्टल। (जागरण)
HighLights
मकेर में बाढ़ राहत वितरण के दौरान विवाद हुआ।
थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों पर पिस्टल तान दी।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जागरण संवाददाता, छपरा। गंडक नदी के तटबंध टूटने से आई भीषण बाढ़ के बीच मकेर प्रखंड के पुरुषोत्तमपुर में राहत सामग्री वितरण के दौरान थानाध्यक्ष द्वारा ग्रामीणों पर पिस्टल तानने का मामला सामने आया है।
घटना से संबंधित एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। प्रसारित वीडियो में मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह ग्रामीणों की ओर पिस्टल ताने दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
राहत लेने के लिए कतार में खड़े थे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तमपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण पुलिस-प्रशासन की देखरेख में कराया जा रहा था।
राहत सामग्री लेने के लिए ग्रामीण कतार में खड़े थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों और थानाध्यक्ष के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
प्रसारित वीडियो में थानाध्यक्ष पहले चप्पल निकालते दिखाई देते हैं। इसके बाद वह कमर से पिस्टल निकालकर ग्रामीणों की ओर तानते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
वीडियो में विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और किन परिस्थितियों में थानाध्यक्ष ने हथियार निकाला, यह स्पष्ट नहीं है।
मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच राहत वितरण के दौरान हुई इस घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी की चर्चा है।
यह भी पढ़ें- पटना में सब्जी बेचती रही मां, इधर बेटा बन गया इनामी डकैट, समस्तीपुर से झारखंड तक तलाश
