छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने CNG टेंपो को मारी टक्कर; महिला और बच्चे की मौत
छपरा-मुजफ्फरपुर NH 722 पर गड़खा के भैसमारी में एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। एक अज्ञात वाहन ने सीएनजी टेंपो को टक्कर मारी।
-1795685021113_m.webp)
सारण गड़खा में टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त टेंपो (सौ. जागरण)
HighLights
NH 722 पर भीषण सड़क हादसे में महिला-बच्चे की मौत।
अज्ञात वाहन ने सीएनजी टेंपो को टक्कर मारी, चालक घायल।
पुलिस फरार वाहन और मृतकों की पहचान में जुटी।
संवाद सूत्र, गड़खा (सारण)। छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 पर गड़खा थाना क्षेत्र के भैसमारी स्थित श्री निवास अस्पताल के समीप बुधवार को सड़क हादसे में एक महिला और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। सीएनजी टेंपो और एक अज्ञात वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में टेंपो चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएनजी टेंपो छपरा से गड़खा की ओर जा रहा था। इसी दौरान भैसमारी के समीप तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ड्राइवर गाड़ी लेकर हुआ फरार
हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त टेंपो और मृतकों के शव पड़े होने से लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सारण गड़खा में सड़क दुर्घटना के बाद उमड़ी भीड़ (सौ.जागरण)
सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। समाचार प्रेषण तक मृत महिला और बच्चे की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- सुबह शौच कर घर लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार ट्रॉली ऑटो ने कुचला, लखीसराय में शव रखकर लोगों ने किया सड़क जाम