सुबह शौच कर घर लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार ट्रॉली ऑटो ने कुचला, लखीसराय में शव रखकर लोगों ने किया सड़क जाम
लखीसराय के सूर्यगढ़ा में NH 80 पर एक तेज रफ्तार ऑटो-ट्रॉली की चपेट में आने से 63 वर्षीय कमल किशोर राय की मौत हो गई।

शव रखकर लोगों ने किया सड़क जाम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बुजुर्ग कमल किशोर राय की ऑटो-ट्रॉली से कुचलकर घटनास्थल पर मौत।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर सड़क जाम कर दी।
पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में लिया, शव पोस्टमार्टम को भेजा।
संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। लखीसराय-मुंगेर एनएच 80 पर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदुपुर गांव के समीप गुरुवार की अल सुबह ट्राली लगे ऑटो की चपेट में आने से एक अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान आदुपुर गांव निवासी राम गुलाम राय के पुत्र कमल किशोर राय (63) के रूप में हुई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
ईंट भट्ठे पर करते थे मजदूरी
जानकारी के अनुसार, कमल किशोर राय ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे शौच के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान लखीसराय की ओर से तेज गति में आ रहा मिर्च लदा ट्राली लगा आटो उन्हें धक्का मारते हुए निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि ऑटो पर लदी मिर्च लखीसराय से मुंगेर ले जाई जा रही थी। घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना के एसआइ नित्यानंद राय एवं मु. खुर्शीद आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम हटवाया
पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान लखीसराय थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी महेंद्र साव के पुत्र छोटू साव के रूप में हुई है।
पुलिस ने ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। अपर थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्राली लगे आटो को जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- लखीसराय: शादी से पहले भगवान का आशीर्वाद लेने निकले थे, रास्ते में 5 की मौत; जिंदगी-मौत से जूझ रहा दूल्हा