लखीसराय: शादी से पहले भगवान का आशीर्वाद लेने निकले थे, रास्ते में 5 की मौत; जिंदगी-मौत से जूझ रहा दूल्हा
लखीसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में मोतिहारी के एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना में क्षतिग्रस्त ट्रक और स्कॉर्पियो कार। जागरण फोटो
HighLights
लखीसराय में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत।
मोतिहारी का परिवार देवघर पूजा के लिए स्कार्पियो से जा रहा था।
शादी से पहले दूल्हे के परिवार में मातम का माहौल पसरा।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। मंगलवार का दिन जिले के लिए काला दिन रहा। भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की हुई दर्दनाक मौत और चार लोगों के गंभीर रूप से जख्मी होने की घटना ने झकझोर दिया है। मृतक और जख्मी मोतिहारी से स्कार्पियो से पूजा करने देवघर जा रहे थे।
हादसे में गंभीर रूप से जख्मी पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के ढाका थाना क्षेत्र के ढाका मोहल्ले के शेखर गुप्ता की शादी 12 दिसंबर को पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत चकिया में होनी थी। पूरा परिवार शेखर की शादी की तैयारी में जुटा था और काफी खुश था।
घटना के बाद मोतिहारी से पहुंचे शेखर की चाची बेबी देवी और चाचा नंदकिशोर प्रसाद ने बताया कि शेखर की शादी की तारीख तय हो गई थी। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर शेखर अपनी मां, दो बहन, बहनोई एवं अन्य के साथ देवघर पूजा करने सोमवार की देर रात स्कार्पियो से चला था।
उन्होंने बताया कि पहले ट्रेन से देवघर जाने का प्लान था, लेकिन बाद में शेखर ने सड़क मार्ग से जाने के लिए भाड़े पर स्कॉर्पियो बुक की। हादसे में शेखर के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट लगी है। उसकी बहन स्वीटी की भी गंभीर हालत बनी हुई है।
जख्मी शेखर गुप्ता ढाका थाना के सामने रंग पेंट की दुकान चलाते हैं। उसने अपने अपनी दुकान के स्टाफ मुन्ना कुमार को भी साथ ले लिया था। शेखर की मां सुनीता उर्फ मीना देवी, बहन पल्लवी देवी, बहनोई राकेश गुप्ता की दर्दनाक मौत हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है।
हादसे के बाद ढाका विधायक पवन जायसवाल ने कबैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार से बात कर घटना की जानकारी ली।
तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर के पास अल सुबह हुए भीषण हादसे के बाद तेतरहाट थानाध्यक्ष ईलू उपाध्याय, कबैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार, ट्रैफिक थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, एसआई दिलीप कुमार चौधरी, स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम सुधांशु नारायण लाल सदर अस्पताल में दिन भर कैंप कर शव का पोस्टमार्टम कराया और सभी जख्मी का इलाज कराने के बाद पटना भेजा। साथ ही शवों को मोतिहारी भेजा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।