लखीसराय-जमुई मार्ग पर भीषण हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में ड्राइवर सहित पांच की मौत
लखीसराय-जमुई मार्ग पर मंगलवार सुबह गुणसागर के समीप स्कॉर्पियो और मालवाहक ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

लखीसराय-जमुई मार्ग पर भीषण हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में ड्राइवर सहित पांच की मौत (जागरण फोटो)
HighLights
लखीसराय-जमुई मार्ग पर स्कॉर्पियो-ट्रक की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में चालक सहित पांच लोगों की मौके पर मौत।
मोतिहारी से देवघर जा रहे चार लोग गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। लखीसराय-जमुई मार्ग पर गुणसागर के समीप मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक सहित पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
वहीं, एक मासूम बच्चे और एक महिला सहित चार लोग जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

मोतिहारी से देवघर जा रहे थी स्कॉर्पियो
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर के समीप सामने से आ रहे एक मालवाहक ट्रक से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पर सवार पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी मृतकों और घायलों को सदर अस्पताल लखीसराय लाया गया।
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में मुंडन संस्कार से संबंधित सामग्री भी मिली है। पुलिस को आशंका है कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जख्मी हुए बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए सभी लोग देवघर जा रहे होंगे।हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग जख्मी हैं। मृतकों और घायलों के नाम एवं पते की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।