सारण में 3 एनएच को जोड़ने वाली सड़क 5 साल में ही 'बीमार', जानलेवा गड्ढों में हिचकोले खा रहा 'विकास'
सारण के नैका बाजार से कचनार तक की 5.8 किमी लंबी सड़क पांच साल में ही जर्जर हो गई है, जिससे राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

सारण में 3 एनएच को जोड़ने वाली सड़क 5 साल में ही बीमार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नैका बाजार-कचनार सड़क पांच साल में ही जर्जर हो गई।
करोड़ों खर्च के बावजूद सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल।
भारी वाहनों के दबाव से सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ रही।
नागेंद्र सिंह, जलालपुर (सारण)। नैका बाजार से कचनार तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क पांच साल में ही जर्जर हो गई है। 5.8 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह कालीकरण की परत उखड़ने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
स्थिति ऐसी है कि राहगीरों और वाहन चालकों को हर कदम पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रैक प्वाइंट से प्रतिदिन सौ से अधिक भारी वाहनों की आवाजाही सड़क की बदहाली को और बढ़ा रही है। तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति से हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कई गांवों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता
यह सड़क नैका बाजार, खैरवार, कुरई छपरा और कचनार सहित कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। बनियापुर, जलालपुर, मंगोलापुर, विशुनपुरा, खोरोडीह, चतरा, पतीला और सम्होता के ग्रामीण भी इसी मार्ग से आते-जाते हैं।
बाजार, विद्यालय, अस्पताल, रैक प्वाइंट और श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए भी इसी सड़क का उपयोग होता है। इसकी अहमियत इसलिए भी अधिक है कि यह एनएच-331, एनएच-531 और एनएच-19 को आपस में जोड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इसकी भार वहन क्षमता के अनुरूप निर्माण जरूरी है। केवल गड्ढों में गिट्टी भर देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। मजबूत आधार तैयार कर सड़क का नए सिरे से निर्माण कराया जाना चाहिए।
1.70 करोड़ से अधिक खर्च, फिर भी बदहाल सड़क
ग्रामीण कार्य विभाग के अभिलेख के अनुसार, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ अनुरक्षण कार्यक्रम के तहत इस सड़क का निर्माण दो जनवरी 2020 से एक जनवरी 2021 के बीच कराया गया था।
निर्माण कार्य पर 1,13,31,956 रुपये खर्च किए गए थे, जबकि परियोजना की कुल राशि 1,70,21,445 रुपये दर्ज है। सड़क के पांच वर्षों के अनुरक्षण के लिए 5,04,999 रुपये निर्धारित किए गए थे। इसके बावजूद सड़क की मौजूदा स्थिति निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
तीन इंच मोटा कालीकरण कराने की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व भी है। जनश्रुति है कि जनकपुर जाते समय महर्षि विश्वामित्र ने भगवान श्रीराम से सम्होता में नीलकंठेश्वर महादेव की स्थापना कराई थी।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से सड़क का मजबूत आधार तैयार कर कम से कम तीन इंच मोटा कालीकरण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि तभी भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बावजूद सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रह सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।