1968 में दादा ने रखी थी नींव, अब तीसरी पीढ़ी संभाल रही विरासत; सोनपुर मेले में कायम है कश्मीरी पश्मीना का जादू
Sonepur Mela: मीर परिवार पिछले छह दशकों से सोनपुर मेले में कश्मीरी हस्तकला और पारंपरिक परिधानों की पहचान बनाए हुए है।

सोनपुर मेला में अपनी दुकान के सामने खड़े मीर परिवार के सदस्य। (जागरण)
HighLights
मीर परिवार छह दशकों से सोनपुर मेले में कश्मीरी हस्तकला बेच रहा।
मोहम्मद मकबूल मीर ने 1968 में यह परंपरा शुरू की थी।
नवाज मीर तीसरी पीढ़ी के रूप में विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
राहुल, नयागांव (सारण)। सोनपुर मेला देश की अलग-अलग संस्कृतियों, परंपराओं और हस्तकलाओं को एक मंच पर लाने के लिए भी जाना जाता है।
इसी मेले में कश्मीर की पारंपरिक हस्तकला और परिधानों की पहचान पिछले करीब छह दशक से कायम है। श्रीनगर के मीर परिवार का सोनपुर मेले से जुड़ाव वर्ष 1968 में शुरू हुआ था।
उस समय मोहम्मद मकबूल मीर ने पहली बार यहां कश्मीरी सामानों की दुकान लगाई थी। दादा के बाद पिता ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया और अब तीसरी पीढ़ी के रूप में नवाज मीर पारिवारिक विरासत को संभाल रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर लेबर कोआपरेटिव सोसाइटी के माध्यम से नवाज मीर ने मेले के नखास क्षेत्र के समीप दुकान लगाई है। यहां पश्मीना शाल, कश्मीरी साड़ियों, गर्म कंबलों, स्वेटर सहित कई पारंपरिक उत्पादों की बिक्री हो रही है।
दुकान में 800 रुपये से लेकर 70 हजार रुपये तक की पश्मीना शाल और दो हजार से 30 हजार रुपये तक की कश्मीरी साड़ियां उपलब्ध हैं।
चार महीने का समय कब गुजर जाता है, पता नहीं चलता
नवाज मीर बताते हैं कि उनका परिवार वर्ष में करीब नौ महीने देश के अलग-अलग मेलों में दुकान लगाता है, लेकिन सोनपुर मेले से खास लगाव है। यहां चार महीने कैसे बीत जाते हैं, इसका एहसास तक नहीं होता। फरवरी तक दुकान लगी रहती है।
स्थानीय लोगों का व्यवहार और अपनापन उन्हें हर साल यहां आने के लिए प्रेरित करता है। कई ग्राहक खरीदारी के अलावा उनका हालचाल पूछने और मिलने भी आते हैं। वर्षों के इस जुड़ाव ने कारोबार से आगे बढ़कर आत्मीय संबंधों का रूप ले लिया है।
दुकानदारी के साथ रिश्तों की भी मिलती है सौगात
नवाज मीर के लिए सोनपुर मेला केवल व्यापार का अवसर नहीं, बल्कि पुराने परिचितों और मित्रों से मिलने का भी माध्यम है। यहां लंबे समय से आने के कारण कई स्थानीय परिवारों से आत्मीय संबंध बन गए हैं।
मेला समाप्त होने पर कश्मीर लौटते समय इन लोगों से विदाई लेना भावुक कर देता है। कई ग्राहक अगले वर्ष फिर मिलने का वादा करते हैं। यही अपनापन उन्हें इस मेले से जोड़े रखता है।
बदलते मेले में भी बरकरार है कश्मीरी उत्पादों का आकर्षण
करीब छह दशक में सोनपुर मेले का स्वरूप काफी बदल चुका है। बाजार की व्यवस्था, दुकानों की प्रकृति और ग्राहकों की पसंद में भी बदलाव आया है। इसके बावजूद मीर परिवार के कारोबार पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है।
नवाज मीर के अनुसार, बिक्री में हर साल थोड़ी बहुत कमी-बढ़ोतरी होती है, लेकिन यह सामान्य बात है। पश्मीना शाल और पारंपरिक कश्मीरी परिधानों के प्रति लोगों का आकर्षण बना हुआ है। ग्राहकों का पुराना भरोसा और स्थानीय लोगों से बना जुड़ाव उनकी दुकान की पहचान को कायम रखे हुए है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।