विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण में पड़ोसी के बंद घर में हो रही चोरी को रोकना पड़ा भारी, बदमाशों ने युवक के सीने में मारी गोली

By Rajeev RanjanEdited By: Nishant Bharti
Published: Sat, 14 Nov 2026 08:42 AM (IST)

एक युवक को सारण के मांझी थाना क्षेत्र में पड़ोसी के बंद घर में हो रही लूटपाट का विरोध करना ...और पढ़ें

बदमाशों ने युवक के सीने में मारी गोली (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बदमाशों ने युवक के सीने में मारी गोली (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पड़ोसी के बंद घर में लूटपाट का विरोध करने पर गोली मारी।

  2. आनंद भारती को अपराधियों ने सीने और हाथ में गोली मारी।

  3. गंभीर हालत में घायल युवक को बेहतर उपचार हेतु पटना रेफर।

संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के घोरहट मठिया गांव में शुक्रवार की देर रात लूटपाट का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बंद घर में घुसे अपराधियों ने विरोध करने वाले पड़ोसी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। 

गोली लगने से घायल युवक की पहचान आनंद कुमार भारती के रूप में हुई है। उनके सीने और हाथ में गोली लगी है। गंभीर स्थिति में उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है।

काफी समय से बंद था घर

जानकारी के अनुसार, गांव के ही शशि भूषण भारती का घर काफी समय से बंद पड़ा है। शुक्रवार की देर रात कुछ अपराधी इसी घर को निशाना बनाकर लूटपाट कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आनंद कुमार भारती की नजर अपराधियों की गतिविधियों पर पड़ गई। 

उन्होंने अपराधियों की इस हरकत का विरोध किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इससे नाराज अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। अचानक हुई फायरिंग में आनंद के सीने और हाथ में गोली लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

आनंद की हालत चिंताजनक

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। खून से लथपथ आनंद को तत्काल उपचार के लिए मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। इसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें पटना भेज दिया।

पहले भी बना चुके थे इस घर को निशाना

ग्रामीणों ने बताया कि शशि भूषण भारती के बंद घर को अपराधी पहले भी निशाना बना चुके हैं। गत 11 जुलाई की रात भी इस घर में चोरी की घटना हुई थी। उस समय भी अपराधियों ने घर को खंगाला था। अब दोबारा उसी घर में लूटपाट की कोशिश और विरोध करने पर पड़ोसी को गोली मारने की घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

लगातार दूसरी बार एक ही घर को निशाना बनाए जाने तथा विरोध करने पर गोलीबारी की घटना ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में अपराधियों की गिरफ्तारी और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर नाराजगी है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- सारण के बिना बोर्ड वाले निजी अस्पताल में बड़ा हादसा, डिलीवरी से पहले जच्चा-बच्चा की मौत; डॉक्टर फरार


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।