विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना परीक्षा दिए ही मार्कशीट में चढ़ गए नंबर! छपरा के JP विश्वविद्यालय में छात्राओं का अनोखा 'दंड प्रणाम' आंदोलन

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:50 PM (GMT+05:30)

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में अंकपत्रों की व्यापक गड़बड़ी से परेशान छात्र-छात्राएं अब भगवान की शरण में पहुंच गई हैं। आवेदन और आंदोलन से थक चुकी छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि देने के लिए अनोखा 'दंड प्रणाम' आंदोलन किया।

दंड प्रणाम आंदोलन करती छात्राएं (सौ. जागरण)

दंड प्रणाम आंदोलन करती छात्राएं (सौ. जागरण)

HighLights

  1. अंकपत्रों की गड़बड़ी के खिलाफ छात्राओं का अनोखा दंड प्रणाम।

  2. बिना परीक्षा दिए अंक चढ़ने से विद्यार्थी हुए परेशान।

  3. विश्वविद्यालय प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग।

जागरण संवाददाता, छपरा। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में अंकपत्रों की गड़बड़ी दूर कराने के लिए छात्र-छात्राएं अब भगवान की शरण में पहुंच गए हैं। आवेदन और आंदोलन से थक चुकी छात्राओं ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि देने के लिए अनोखा दंड प्रणाम आंदोलन किया। 

छात्राओं ने मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन तक भुईं परी करते हुए मार्च किया। उनका कहना था कि शायद भगवान के दंड प्रणाम से विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि मिले और विद्यार्थियों का भविष्य सुधर सके।

आवेदन से थकीं, अब दंड प्रणाम की बारी

शोध विद्यार्थी संगठन (आरएसए) की छात्रा इकाई ने छात्रा सह प्रमुख अजीमा खातून के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लगातार आवेदन दे रहे हैं। आंदोलन भी कर रहे हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। अधिकार मांगने पर उलटे मुकदमे दर्ज कराकर प्रताड़ित किया जाता है।

बिना परीक्षा अंक, अंकपत्र में दर्ज

संगठन के अनुसार, स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सत्र 2023-27, 2024-28 और 2025-29 के सेमेस्टर एक से पांच तक के अंकपत्रों में व्यापक त्रुटियां हैं। कई महाविद्यालयों में आंतरिक परीक्षा नहीं हुई। कहीं अंक विश्वविद्यालय को भेजे ही नहीं गए। इसके बावजूद अंकपत्रों में आंतरिक अंक दर्ज हैं। छात्राओं ने पूछा कि आखिर बिना परीक्षा और अंक के विद्यार्थियों को अंक कैसे मिल गए?

शिकायत पोर्टल भी बेअसर

ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर दर्ज आवेदन भी लंबित हैं। छात्रा इकाई ने त्रुटियों की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और संशोधित अंकपत्र जारी करने की मांग की। साथ ही लंबित शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया।

अजीमा खातून ने चेतावनी दी कि समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा। प्रदर्शन में मोती कुमारी, रुक्सार, सपना रजनी, इशरत, आलिया, जुली, रूबी, संजना, सोनी, जूही, अलीना और रानी सहित दर्जनों छात्राएं शामिल थीं।

यह भी पढ़ें- बिहार में 10-20 के नोट गिनने में अटका दूल्हा, दुल्हन ने भरी पंचायत में विदाई से किया इनकार; खाली हाथ लौटी बरात


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।