बिहार में 10-20 के नोट गिनने में अटका दूल्हा, दुल्हन ने भरी पंचायत में विदाई से किया इनकार; खाली हाथ लौटी बरात
मढ़ौरा में शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा सलामी के रुपये गिनने में बार-बार गलती कर रहा था। दुल्हन ने उसकी समझ पर संदेह करते हुए ससुराल जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।

10-20 के नोट गिनने में अटका दूल्हा, दुल्हन ने भरी पंचायत में विदाई से किया इनकार (AI Generated Image)
पंकज कुमार पांडेय, मढ़ौरा (सारण)। शादी की रस्में निभ गईं, लेकिन सलामी के रुपये गिनने में दूल्हे से ऐसी चूक हुई कि विवाह का पूरा हिसाब बिगड़ गया। रुपये गिनने में दूल्हे की परेशानी देख दुल्हन ने उसकी समझ पर संदेह जताया।
ससुराल जाने से साफ मना कर दिया। नतीजा, सात फेरों के बाद भी दूल्हे के हाथ दुल्हन नहीं लगी। अंत में बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
सलामी के रुपये गिनने में बार-बार चूक:
मामला मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। मकेर थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र राहुल कुमार की बरात 25 नवंबर को मुबारकपुर गांव निवासी शिवरात मांझी के घर आई थी। रात में द्वारपूजा और कन्या निरीक्षण समेत विवाह की सभी रस्में सामान्य तरीके से संपन्न हुईं।
गुरुवार की सुबह गांव की महिलाओं से सलामी में मिले रुपये गिनने के लिए दूल्हे को दिए गए। बताया जाता है कि वह रुपये गिनने में बार-बार गलती कर रहा था।
कई बार प्रयास करने के बाद भी सही गिनती नहीं कर पाया। इसी बात पर दुल्हन को उसकी समझने की क्षमता पर संदेह हुआ।
दुल्हन के फैसले से बढ़ा विवाद:
दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। उसके मायके वालों ने भी फैसले का समर्थन किया। इसके बाद शादी में मिले उपहार और अन्य सामान वापस करने की मांग उठी। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
पंचायत-पुलिस की पहल पर समझौता:
विवाद की सूचना पर डायल 112 और मढ़ौरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय सरपंच और पंचगण ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। आपसी सहमति से समझौता हुआ। वर पक्ष को दिए गए उपहार और अन्य सामान वापस कर दिए गए।
इस तरह शादी की रस्में पूरी होने के बावजूद दुल्हन मायके में ही रह गई और बरात बिना दुल्हन के लौट गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।