सारण के जलालपुर में बंद इलेक्ट्रॉनिक दुकान में भड़की आग, लाखों का सामान जलकर राख
जलालपुर चौक के पास एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

सारण के जलालपुर में शार्ट सर्किट से लगी आग। जागरण
HighLights
जलालपुर चौक पर इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग।
शॉर्ट सर्किट के कारण हजारों का सामान जलकर राख।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर पाया काबू।
संवाद सूत्र, जलालपुर (सारण)। जलालपुर चौक के समीप रविवार को शार्ट सर्किट से एक इलेक्ट्रानिक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
धुएं के साथ उठती आग की लपटों से चौक पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में हजारों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। दुकान विशुनपुर निवासी विनय कुमार की बताई जा रही है।
आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जलालपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
दुकान में ताला बंद होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर दुकान का ताला तोड़ा। फिर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे चौक पर बड़ी घटना टल गई। हालांकि, दुकान में रखे इलेक्ट्रानिक सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।