समस्तीपुर के छठ घाट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, नाव पर सवार युवक ने श्रद्धालुओं पर तानी पिस्टल; भीड़ ने सिखाया सबक
छठ पूजा के दौरान विभूतिपुर के बेलसंडीतारा घाट पर एक युवक ने श्रद्धालुओं की भीड़ पर पिस्तौल लहराई, जिससे अफरातफरी ...और पढ़ें

गंगा घाट में फायरिंग की कोशिश। फोटो सोशल मीडिया
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसंडीतारा छठ घाट पर रविवार को संध्या अर्घ्य के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब नाव पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों में से एक ने श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने कथित तौर पर पिस्टल लहराते हुए उसे लोगों की ओर तान दिया।
अचानक हथियार निकलने से घाट पर मौजूद व्रतियों और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल कायम हो गया। हालांकि, नाव किनारे लगते ही ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए हथियार लहराने वाले एक युवक को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
इस संबंध में बताया जाता है कि लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार की शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर जुटे थे। इसी दौरान नदी के दूसरे छोर से एक नाव पर सवार होकर तीन युवक (पीले रंग कुर्ता पहने एक बालक और एक युवक नाव खेवता तथा काले रंग का पेंट, शूट और सफेद शर्ट पहने) घाट की ओर आने लगे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच उनकी इस गतिविधि पर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से आपत्ति जताई। इसी बात पर नाव सवार युवक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर भीड़ की ओर तान दी और लोगों को भयभीत करने लगा।
हथियार लहराते देख घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग मिट्टी के ढ़ेले आदि नाव पर फेंकने लगे तो पिस्तौल कमर में रखकर कला ड्रेस पहने कथित आरोपित नाव को मोड़ने के लिए नाविक वाला मोर्चा संभालते हुए भागने की कोशिश की। मगर, नाव नदी किनारे आ लगी। इस बीच छठ घाट पर मौजूद लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए हथियार लहराने वाले युवक को पकड़ लिया।
आक्रोशित लोगों ने पहले तो उसकी पिटाई भी कर दी। उसके बाद लोगों ने डायल 112 और विभूतिपुर थाने की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से पकड़े गए युवक एवं हथियार को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक और हथियार को पुलिस के हवाले किया है।
मामले में विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इधर, थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि युवक के नाम-पता आदि का सत्यापन किया जा रहा। अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।