विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब महंगे कीटनाशकों की जरूरत नहीं! 'मित्र कीट' बचाएंगे किसानों की फसल, सोनपुर में शुरू हुई अनोखी पाठशाला

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:00 AM (IST)

सोनपुर के गोपालपुर गांव में किसानों के लिए 14 सप्ताह की 'खेत पाठशाला' शुरू हुई है। इसका उद्देश्य रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर मित्र कीटों और जैविक तरीकों से फसल सुरक्षा सिखाना है।

मित्र कीट बचाएंगे किसानों की फसल (एआई जेनरेटेड)

मित्र कीट बचाएंगे किसानों की फसल (एआई जेनरेटेड)

HighLights

  1. सोनपुर में 14 सप्ताह की किसान खेत पाठशाला शुरू।

  2. रासायनिक कीटनाशकों के बजाय मित्र कीटों का उपयोग सिखाया जाएगा।

  3. किसानों को जैविक और प्राकृतिक फसल सुरक्षा तकनीकें मिलेंगी।

जागरण संवाददाता, नयागांव। फसलों को कीटों से बचाने के लिए अब हर बार रासायनिक कीटनाशकों का सहारा लेना जरूरी नहीं होगा। खेत में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, मित्र कीटों और जैविक उपायों से भी फसलों को सुरक्षित रखा जा सकता है। 

किसानों को खेती की इसी तकनीक से रूबरू कराने के लिए सोनपुर प्रखंड के गोपालपुर गांव में शुक्रवार से किसान खेत पाठशाला की शुरुआत की गई।

भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, पटना की ओर से रबी 2026-27 के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन वनस्पति संरक्षण अधिकारी विवेक कांत गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। 

कार्यक्रम में सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी एसए सज्जाद, साक्षी सहित स्थानीय किसान मौजूद रहे। यह प्रशिक्षण लगातार 14 सप्ताह तक चलेगा।

मित्र कीटों को पहचानेंगे, अनावश्यक दवा छिड़काव से बचेंगे

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को समेकित नाशीजीव प्रबंधन (आईपीएम) की तकनीकों से जोड़ना है, ताकि कीट नियंत्रण के लिए रासायनिक दवाओं पर निर्भरता कम की जा सके। 

किसानों को बताया जाएगा कि खेत में पाए जाने वाले सभी कीट नुकसानदायक नहीं होते। कुछ मित्र कीट ऐसे भी होते हैं, जो फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित करने में मदद करते हैं। इनकी पहचान और संरक्षण के तरीके भी सिखाए जाएंगे।

खेत में ही होगा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण

किसानों को गर्मी में गहरी जुताई, बीज एवं मिट्टी उपचार और फसल चक्र अपनाने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा फेरोमोन ट्रैप, पीला-नीला चिपचिपा ट्रैप, गल मक्खी जाल और लाइट ट्रैप के इस्तेमाल का तरीका भी बताया जाएगा। जैविक एवं वानस्पतिक कीटनाशकों के महत्व और उपयोग पर विशेष जानकारी दी जाएगी।

सेहत और पर्यावरण की सुरक्षा पर भी जोर

प्रशिक्षण में रासायनिक कीटनाशकों के सुरक्षित एवं संतुलित इस्तेमाल के बारे में किसानों को जागरूक किया जाएगा। कीटनाशकों के अनावश्यक और अत्यधिक प्रयोग से मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न फसलों में लगने वाले कीटों एवं रोगों की पहचान कर समय पर उनका प्रबंधन करने के तरीके समझाए जाएंगे।

इस पहल से किसानों को कम लागत में फसल सुरक्षा के विकल्प मिलेंगे। साथ ही खेती को अधिक सुरक्षित, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बक्सर में गेहूं-धान की बंपर पैदावार, पर दाल-तेल का संकट! 6 साल में अनाज 40% बढ़ा, तिलहन उत्पादन 45% तक घटा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।