अचानक पीले पड़कर सूख रहे चने के पौधे! सारण के किसानों में बढ़ी चिंता, कृषि वैज्ञानिक ने बताया अचूक उपाय
चने की फसल में पीलापन और सूखने की समस्या से सारण के किसान चिंतित हैं। कृषि वैज्ञानिक ने फफूंदजनित रोग बताते हुए कार्बेंडाजिम और मैनकोजेब के छिड़काव की सलाह दी है।

अचानक पीले पड़कर सूख रहे चने के पौधे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
चने के पौधे पीले पड़कर सूख रहे, किसान चिंतित।
जड़ों में कीड़े और तने में सड़न की समस्या।
कृषि वैज्ञानिक ने फफूंदनाशक छिड़काव की सलाह दी।
संवाद सहयोगी, जलालपुर (सारण)। रबी की प्रमुख फसल चने पर रोग का प्रकोप बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रखंड क्षेत्र के कई खेतों में चने के पौधे अचानक पीले पड़कर सूख रहे हैं।
कुछ पौधों की जड़ों में कीड़े लगने के साथ जड़ और तने में सड़न के लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं। फसल की इस स्थिति से किसानों को उत्पादन प्रभावित होने की आशंका सताने लगी है।
कीड़े लगने से समस्या और गंभीर हो रही
मंझवलिया गांव के प्रशिक्षित एवं सम्मानित किसान संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनके खेत में चने के पौधे लगातार पीले पड़कर सूख रहे हैं। जड़ों में कीड़े लगने से समस्या और गंभीर हो रही है।
उन्होंने बताया कि फसल में रोग के लक्षण दिखाई देने के बाद प्रखंड कृषि पदाधिकारी से खेत का निरीक्षण कराने का आग्रह किया गया था, लेकिन अब तक कृषि विभाग की टीम जांच के लिए नहीं पहुंची है। उन्होंने प्रभावित खेतों का जल्द निरीक्षण कर रोग की पहचान और उचित उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है।
वैज्ञानिक ने बताई बचाव की विधि
कृषि वैज्ञानिक डॉ. जीतेंद्र चंद्र चंदोला ने बताया कि पौधों में दिखाई दे रहे लक्षण उकठा अथवा जड़-तना सड़न जैसे फफूंदजनित रोग के हो सकते हैं। इसमें पत्तियां पीली पड़कर मुरझाने लगती हैं और धीरे-धीरे पौधे सूख जाते हैं।
उन्होंने बचाव के लिए कार्बेंडाजिम 12 प्रतिशत एवं मैनकोजेब 63 प्रतिशत डब्ल्यूपी का दो ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से शाम के समय छिड़काव करने की सलाह दी। एक एकड़ में लगभग 500 ग्राम दवा को 200 लीटर पानी में मिलाकर प्रयोग किया जा सकता है। साथ ही खेत में जलजमाव नहीं होने देने और आवश्यकता से अधिक सिंचाई से बचने की सलाह दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।