विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मांगने गया था मजदूरी का भाड़ा, मिली मौत! सारण में लाठी-डंडों से पीटकर किसान की हत्या

Published: Thu, 19 Nov 2026 02:26 PM (GMT+05:30)

सारण के पानापुर थाना क्षेत्र के धनौती गांव में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक किसान तेरस राम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई।

मौत के बाद रोते परिजन (सौ. जागरण)

मौत के बाद रोते परिजन (सौ. जागरण)

HighLights

  1. मजदूरी के भुगतान को लेकर हुआ विवाद।

  2. किसान तेरस राम की लाठी-डंडों से पिटाई।

  3. इलाज के दौरान छपरा सदर अस्पताल में मौत।

संवाद सूत्र, पानापुर (सारण)। थाना क्षेत्र के धनौती गांव में बुधवार की रात भाड़े के भुगतान को लेकर हुआ विवाद एक किसान की मौत का कारण बन गया। धान का बोझा ढोने के भाड़े को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष की ओर से लाठी-डंडों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

मृतक की पहचान धनौती गांव निवासी 55 वर्षीय तेरस राम के रूप में हुई है। बुधवार की रात देर रात सदर अस्पताल छपरा में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

भाड़े के भुगतान को लेकर विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, तेरस राम ने गांव के ही कामेश्वर सिंह के यहां धान का बोझा ढोने का काम किया था। काम पूरा होने के बाद भाड़े के भुगतान को लेकर देर शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा। 

हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया और मामला शांत करा दिया। उस समय लगा कि विवाद समाप्त हो गया है, लेकिन कुछ देर बाद मामला फिर गंभीर रूप ले लिया।

जान से मारने की धमकी देते हुए फरार

बताया जाता है कि विवाद के बाद ट्रैक्टर चालक ने फोन कर अपने स्वजन और सहयोगियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि उनके पहुंचते ही तेरस राम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। 

अचानक हुए हमले में किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गए और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मारपीट के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद छपरा किया गया था रेफर

घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल तेरस राम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पानापुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। 

स्वजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार की देर रात उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

तेरस राम की मौत की खबर धनौती गांव पहुंचते ही उनके घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी कुंती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

गांव के लोग भी घटना को लेकर स्तब्ध हैं। भाड़े के मामूली विवाद में किसान की जान चले जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- सारण में पड़ोसी के बंद घर में हो रही चोरी को रोकना पड़ा भारी, बदमाशों ने युवक के सीने में मारी गोली


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।