बागी बनकर लड़ा चुनाव, NDA प्रत्याशी को हराया; अब जीत के बाद BJP में लौटे सारण शिक्षक MLC डॉ. राहुल राज
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय एमएलसी चुने गए डॉ. राहुल राज ने भाजपा में वापसी की है।

डॉ. राहुल राज ने भाजपा में की वापसी। (सोशल मीडिया)
HighLights
डॉ. राहुल राज ने सारण शिक्षक एमएलसी चुनाव जीता।
जीत के बाद भाजपा में उनकी औपचारिक वापसी हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद रूडी से मिले।
डिजिटल डेस्क, सारण। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय एमएलसी निर्वाचित हुए डॉ. राहुल राज ने भारतीय जनता पार्टी में वापसी के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान उनके साथ सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी भी उपस्थित थे। डॉ. राहुल राज ने पार्टी में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत के तहत मुख्यमंत्री से मिलकर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
गठबंधन की सीट बंटवारे के चलते बने थे बागी
डॉ. राहुल राज इससे पहले भाजपा में राज्य स्तर पर संगठनात्मक पदों पर कार्य कर चुके हैं। वह सारण शिक्षक सीट से एनडीए के बैनर तले चुनाव लड़ने की तैयारी में थे, मगर गठबंधन के समझौते में यह सीट जनता दल (यूनाइटेड) के हिस्से में चली गई। प्रत्याशी न बनाए जाने पर उन्होंने बगावती रुख अपनाते हुए निर्दलीय ताल ठोकने का निर्णय लिया।
जीत के बाद घर वापसी और शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात
शानदार विजय हासिल करने के बाद भाजपा ने डॉ. राहुल राज को दोबारा संगठन में शामिल कर लिया। पार्टी में औपचारिक तौर पर वापस आते ही उन्होंने सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से भेंट की।
एनडीए प्रत्याशी को दी थी मात
भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले डॉ. राहुल राज ने एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को 1815 मतों से हरा दिया था।
टिकट कटने पर निर्दलीय मैदान में उतरे
डॉ. राहुल राज भाजपा में प्रदेश स्तर पर पदाधिकारी रह चुके हैं। पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया।
इस कदम के बाद भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बावजूद राहुल राज ने चुनाव मैदान में अपनी दावेदारी बनाए रखी और अंततः जीत हासिल की।