विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का रोडमैप, ₹1000 करोड़ से होगा हरिहरनाथ मंदिर का कायाकल्प

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:58 AM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर मेला के उद्घाटन समारोह में बिहार के विकास की महत्वाकांक्षी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।  

सोनपुर में सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फोटो X/samrat4bjp

सोनपुर में सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फोटो X/samrat4bjp

HighLights

  1. हरिहरनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे लगभग 1000 करोड़ रुपये।

  2. सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और आधुनिक टाउनशिप बनाने की योजना।

  3. एक करोड़ युवाओं को रोजगार, 50 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, छपरा। विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन समारोह में रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण सहित पूरे बिहार के विकास को लेकर महत्वाकांक्षी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उन्होंने कहा कि सोनपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए बाबा हरिहरनाथ मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार से लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, आधुनिक टाउनशिप और बेहतर सड़क एवं जलमार्ग कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सोनपुर मेला अब केवल पशु मेले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे बिहार की कला, संस्कृति, सभ्यता और व्यापार को वैश्विक मंच देने वाले बड़े ट्रेड फेयर के रूप में विकसित किया जाएगा।

मंदिर, एयरपोर्ट और कनेक्टिविटी से बदलेगी सोनपुर की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना का उल्लेख किया। इसके साथ ही सोनपुर के समग्र विकास के लिए 680 करोड़ रुपये की योजना की जानकारी दी।

उन्होंने सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का लक्ष्य भी सामने रखा। क्षेत्र में आधुनिक टाउनशिप का निर्माण शुरू होने की बात कहते हुए उन्होंने स्थानीय लोगों की आशंकाओं पर कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। किसी के साथ जबरदस्ती नहीं होगी। सांसद राजीव प्रताप रूडी लगातार लोगों से संवाद कर रहे हैं।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सोनपुर-हाजीपुर के बीच पिछले 14 वर्षों से लंबित फोरलेन पुल को आगामी जून से पहले चालू कराने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि गंगा और गंडक नदियों से गाद निकालने की दिशा में भी काम किया जाएगा, ताकि बाढ़ की समस्या से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त गंगा अंबिका पथ और सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ के निर्माण की योजना है।

जलमार्ग के माध्यम से सोनपुर को कोलकाता के हल्दिया बंदरगाह से जोड़ने की पहल भी की जाएगी। इससे व्यापार और माल परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

रोजगार, निवेश और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने बिहार की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य का बजट पहले लगभग छह हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य दोहराया। राज्य से रोजगार के लिए होने वाले पलायन को रोकने के उद्देश्य से एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अगले पांच वर्षों में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि हाल में लगभग सवा दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं।

किशनगंज, मुजफ्फरपुर, नवादा, बांका और मधुबनी में सीमेंट कारखानों की स्थापना का काम शुरू होने की जानकारी भी दी।

सारण के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सोनपुर और छपरा में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को प्रसंस्कृत कर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को बेहतर कीमत मिल सकेगी।

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने की योजना बताई। उन्होंने वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन दूध उत्पादन को 25 लाख लीटर से बढ़ाकर एक करोड़ लीटर करने का लक्ष्य रखा।

मुख्यमंत्री ने सोनपुर मेले के पारंपरिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह मेला बिहार की सांस्कृतिक विरासत के साथ व्यापार और निवेश का भी बड़ा केंद्र बनेगा।

वर्ष 2037 तक समृद्ध बिहार और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य की 10 से 11 प्रतिशत विकास दर को और गति देने की जरूरत है।

उन्होंने स्थानीय विधायक विनय सिंह के अस्वस्थ होने पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी मंच से किया।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सम्राट पशु मेला तक सीमित नहीं रहेगा सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह में किए बड़े एलान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।