विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छपरा में घूसखोर बाबू गिरफ्तार, नगर आयुक्त को थमाया 10 हजार का लिफाफा; सीधे पहुंचे हवालात

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:04 PM (IST)

छपरा नगर निगम कार्यालय में कर संग्रहकर्ता असगर अली को नगर आयुक्त रणजीत कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

छपरा में घूसखोर बाबू गिरफ्तार, नगर आयुक्त को थमाया 10 हजार का लिफाफा; सीधे पहुंचे हवालात (AI Generated Image)

छपरा में घूसखोर बाबू गिरफ्तार, नगर आयुक्त को थमाया 10 हजार का लिफाफा; सीधे पहुंचे हवालात (AI Generated Image)

HighLights

  1. कर संग्रहकर्ता असगर अली ने नगर आयुक्त को रिश्वत दी।

  2. जांच रिपोर्ट अपने पक्ष में कराने के लिए 10 हजार रुपये।

  3. नगर आयुक्त की शिकायत पर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा नगर निगम कार्यालय में काम के बदले रिश्वत देने का मामला सामने आया है। नगर आयुक्त रणजीत कुमार से मिलने पहुंचे कर संग्रहकर्ता असगर अली को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

आरोप है कि वह लिफाफे में 10 हजार रुपये रखकर जांच रिपोर्ट अपने पक्ष में कराने पहुंचा था। नगर आयुक्त की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

लिफाफे में रुपये लेकर पहुंचा था:

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, उच्च न्यायालय में चल रहे एक मामले के सिलसिले में असगर अली के विरुद्ध जांच नगर आयुक्त के पास आई थी। बताया जाता है कि वह जांच रिपोर्ट अपने पक्ष में कराने का प्रयास कर रहा था।

इसी क्रम में उसने कथित तौर पर एक दूसरे व्यक्ति के माध्यम से नगर आयुक्त के पास 10 हजार रुपये का लिफाफा भिजवाया।

रुपये भेजने के बाद असगर अली स्वयं नगर आयुक्त के कार्यालय में उनसे मिलने पहुंचा। इसी दौरान मामला खुल गया। नगर आयुक्त ने उसे पकड़वा लिया और नगर थाना पुलिस को सूचना दी।

नगर आयुक्त ने थाने में दिया आवेदन:

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त रणजीत कुमार ने नगर थाना में लिखित आवेदन दिया। इसमें काम के बदले रिश्वत देने का आरोप लगाया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।

पुलिस ने गिरफ्तार कर शुरू की जांच:

नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि कर संग्रहकर्ता असगर अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। नगर आयुक्त के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिश्वत के लिए रुपये भेजने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- टीम पहुंची तो खिड़की से बाहर चली गई रिश्वत की रकम, लेकिन बेगूसराय में नोटों ने ही कर दिया खेल खत्म

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में निगरानी का शिकंजा: 25 हजार घूस लेते असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार, खिड़की से फेंकी नोटों की गड्डी