टीम पहुंची तो खिड़की से बाहर चली गई रिश्वत की रकम, लेकिन बेगूसराय में नोटों ने ही कर दिया खेल खत्म
बेगूसराय में निगरानी टीम की दबिश के दौरान सहायक कर आयुक्त और डाटा ऑपरेटर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। ...और पढ़ें

निगरानी की गिरफ्त में घुसखोर अफसर और कर्मचारी।
HighLights
निगरानी टीम ने बेगूसराय में रिश्वत लेते अधिकारी-ऑपरेटर को पकड़ा।
रिश्वत की रकम खिड़की से बाहर फेंकी गई, हुई बरामद।
जीएसटी मामले में 50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। निगरानी टीम की दबिश पड़ते ही रिश्वत की रकम बचाने के लिए सहायक कर आयुक्त कार्यालय की खिड़की से नोटों की गड्डी बाहर फेंक दी गई।
हालांकि, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम पहले से ही नोटों के नंबर अंकित कर चुकी थी। बाहर फेंकी गई रकम को बरामद कर नोटों के नंबर का मिलान किया गया तो वही नोट निकले।
इसके बाद निगरानी टीम ने सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र मोहन और कार्यालय के डाटा ऑपरेटर संतोष झा को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई मंगलवार को बेगूसराय स्थित सहायक कर आयुक्त कार्यालय में हुई। निगरानी डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में गठित धावा दल ने शिकायत के सत्यापन और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कार्रवाई की।
जीएसटी मामले को सैटल करने के नाम पर मांगे थे 50 हजार
भगवानपुर थाना क्षेत्र के रूदौली निवासी तथा विश्वनाथ नगर के कृष्णा मार्केट स्थित रोजी गारमेंट्स के प्रोपराइटर ज्योति कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की थी।
शिकायत के अनुसार, नियमित रूप से जीएसटी जमा करने के बावजूद उन्हें 3.84 लाख रुपये की मांग करते हुए नोटिस दिया गया था। मामले को निपटाने के लिए संपर्क करने पर उन्हें कार्यालय के डाटा ऑपरेटर से बात करने को कहा गया।
आरोप है कि डाटा ऑपरेटर ने मामले को सैटल करने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने में असमर्थ व्यवसायी ने 24 सितंबर को निगरानी में शिकायत की।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद पांच अक्टूबर को निगरानी थाना में प्राथमिकी अंकित करते हुए अधिकारी व डाटा ऑपरेटर को आरोपित बनाया गया और धावा दल का गठन किया गया।
डाटा ऑपरेटर को रुपये देने का इशारा, तभी पहुंच गई टीम
मंगलवार को निगरानी टीम ने जाल बिछाया। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने के लिए कहा गया।
जैसे ही डाटा ऑपरेटर को रुपये सौंपे गए, निगरानी टीम ने कार्यालय में दबिश दे दी। टीम को देखते ही वहां अफरातफरी मच गई।
आरोपितों ने पकड़े जाने के डर से रिश्वत की रकम कार्यालय की खिड़की से बाहर फेंक दी। हालांकि, निगरानी टीम ने कार्रवाई से पहले ही नोटों के नंबर दर्ज कर लिए थे।
बाहर फेंकी गई रकम को बरामद कर जब नोटों के नंबर मिलाए गए तो वे पहले से दर्ज नंबरों से हूबहू मिल गए। इसके बाद टीम ने सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा आपरेटर संतोष झा को हिरासत में ले लिया।
दोनों को बेगूसराय परिसदन ले जाकर आवश्यक पूछताछ और कागजी कार्रवाई की गई। इसके बाद निगरानी टीम दोनों को अपने साथ ले गई।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में निगरानी का शिकंजा: 25 हजार घूस लेते असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार, खिड़की से फेंकी नोटों की गड्डी
