विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय में निगरानी का शिकंजा: 25 हजार घूस लेते असिस्टेंट कमिश्नर गिरफ्तार, खिड़की से फेंकी नोटों की गड्डी

Published: Tue, 06 Oct 2026 03:31 PM (IST)

बेगूसराय में निगरानी विभाग ने वाणिज्य कर कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर और डेटा ऑपरेटर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

HighLights

  1. निगरानी विभाग ने बेगूसराय में वाणिज्य कर कार्यालय पर कार्रवाई की।

  2. असिस्टेंट कमिश्नर और डेटा ऑपरेटर 25 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए।

  3. शिकायतकर्ता की सूचना पर निगरानी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तारी की।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने मंगलवार को बेगूसराय में बड़ी कार्रवाई की। निगरानी टीम ने वाणिज्य कर (सेल टैक्स) कार्यालय में 25 हजार रुपये रिश्वत लेते असिस्टेंट कमिश्नर और डेटा ऑपरेटर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डेटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा के रूप में हुई है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ नगर स्थित कृष्णा मार्केट में रोजी गारमेंट्स नाम से कपड़े की दुकान है। दुकान के प्रोपराइटर ज्योति कुमार ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने मामले को सही पाते हुए कार्रवाई की योजना बनाई।

मंगलवार को निगरानी की टीम शिकायतकर्ता के साथ वाणिज्य कर कार्यालय पहुंची। बताया जाता है कि इसी दौरान 25 हजार रुपये रिश्वत की रकम दी गई। रकम 500-500 रुपये के नोटों में थी।

निगरानी टीम की मौजूदगी का आभास होते ही रिश्वत की रकम की गड्डी खिड़की से बाहर फेंक दी गई। हालांकि टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद निगरानी टीम दोनों आरोपितों को अपने साथ ले गई। परिसदन में उनसे पूछताछ की जा रही है। निगरानी विभाग की कार्रवाई से वाणिज्य कर कार्यालय के कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा रहा। मामले में विभाग की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।