सलाखों के पीछे छठी मइया की आस्था, छपरा जेल में 24 कैदियों ने दिया अर्घ्य; प्रशासन ने किए खास इंतजाम
छपरा मंडल कारा में 24 विचाराधीन बंदियों ने पूरी श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मनाया, जिसमें 17 पुरुष और 7 महिला बंदी शामिल थीं।

मंडल कारा में छठ व्रत करते कैदी। फोटो जागरण
HighLights
छपरा मंडल कारा में 24 विचाराधीन बंदियों ने छठ मनाया।
जेल प्रशासन ने व्रतियों को निःशुल्क पूजन सामग्री उपलब्ध कराई।
बंदियों ने आत्मशुद्धि और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
जागरण संवाददाता, छपरा। लोकआस्था के महापर्व छठ की छटा इस बार छपरा मंडल कारा की ऊंची दीवारों के भीतर भी पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ देखने को मिली।
प्राप्त सूचना के अनुसार, जेल में बंद कुल 24 विचाराधीन बंदियों ने चार दिवसीय अनुष्ठान का पालन करते हुए छठ व्रत किया, जिसमें 17 पुरुष और 7 महिला बंदी शामिल रहीं।
स्थायी कुंड में गूंजे छठ के गीत, जेल प्रशासन ने की पूरी व्यवस्था
जेल परिसर में निर्मित छठ घाट (कुंड) पर जब व्रती बंदियों ने अस्ताचलगामी और उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया, तो पूरा कारा परिसर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। महापर्व की पवित्रता और नियमों को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने व्रत करने वाले बंदियों की हर संभव मदद की।
प्रशासन द्वारा व्रतियों के लिए नए वस्त्र, पूजन सामग्री, फल, कंद-मूल और प्रसाद बनाने की समस्त सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। जेल की सलाखों के बीच रहकर भी बंदियों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और जीवन में सकारात्मक सुधार की कामना के साथ सूर्य देव की उपासना की।
गंभीर मामलों के आरोपी बंदियों ने भी रखा निर्जला उपवास
इस वर्ष छठ व्रत करने वाले बंदियों में हत्या, अपहरण, पॉक्सो, एनडीपीएस और शराबबंदी कानून जैसे विभिन्न गंभीर मामलों में विचाराधीन पुरुष व महिला बंदी शामिल रहे।
महिला व्रतियों में हत्या के मामले की आरोपी नीलम देवी, मनोरमा देवी, गीता देवी व चिंता देवी, अपहरण के मामले में बंद आशा देवी व लालमुन्नी देवी तथा उत्पाद अधिनियम की आरोपी हीरामुन्नी देवी ने कठिन निर्जला व्रत रखा।
वहीं, पुरुष बंदियों में हत्या के आरोपी अरुण सिंह, पॉक्सो एक्ट के आरोपी रोहित तिवारी व तरुण कुमार, एनडीपीएस मामले के गणेश राय व धर्मेंद्र साह, लूट-डकैती के आरोपी बिहारी कुमार व ब्रह्मदेव चौधरी, हत्या के प्रयास व मारपीट के मामले में बंद विकाश कुमार, सन्नी कुमार, सुनील महतो, अनिल प्रसाद व सुरेंद्र शर्मा सहित नित्यानंद राय, हरेकृष्णा ठाकुर, चंदन मिश्रा, उदय सिंह और छोटू कुमार ने पूरी निष्ठा से छठ व्रत संपन्न किया।
धार्मिक मान्यता है कि छठ व्रत आत्मशुद्धि, संयम और प्रायश्चित का महापर्व है। कारा प्रशासन की इस पहल से न केवल बंदियों की धार्मिक आस्था का सम्मान हुआ, बल्कि उनमें आत्मसुधार और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की नई उम्मीद भी जगी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।