विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पापा, आज ट्यूशन नहीं जाएंगे'... जिद के बावजूद पढ़ने गया इकलौता बेटा, छपरा में घर के सामने ही बाइक ने छीन ली जा

By Amritesh KumarEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 12 Nov 2026 10:45 AM (IST)

सारण के डुमरी अड्डा में ट्यूशन से लौट रहे 15 वर्षीय किशोर की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। इकलौते ...और पढ़ें

छपरा में घर के सामने ही बाइक ने छीन ली जा

छपरा में घर के सामने ही बाइक ने छीन ली जा

HighLights

  1. ट्यूशन से लौट रहे 15 वर्षीय किशोर की बाइक दुर्घटना में मौत।

  2. सारण के डुमरी अड्डा में घर के सामने हुआ दर्दनाक हादसा।

  3. इकलौते बेटे मयंक राज की मौत से परिवार में गहरा शोक।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण के डोरीगंज थाना क्षेत्र के डुमरी अड्डा में गुरुवार को एक तेज रफ्तार बाइक ने परिवार की खुशियां छीन लीं। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे 15 वर्षीय किशोर को घर के सामने ही अनियंत्रित मोटरसाइकिल सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। 

मृतक की पहचान डुमरी अड्डा जमुना चौक निवासी पूर्व सरपंच सोनू ठाकुर उर्फ प्रदीप ठाकुर के पुत्र मयंक राज उर्फ डुग्गू के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा का छात्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

ट्यूशन से लौटते समय बाइक ने मारी टक्कर

स्वजन ने बताया कि मयंक बुधवार को ट्यूशन पढ़ने गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान घर के सामने सड़क पर एक अनियंत्रित बाइक सवार ने उसे टक्कर मार कर फरार हो गया। 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से स्वजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता से कही आखिरी बात याद कर बिलख रहे स्वजन

मयंक की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्वजन ट्यूशन जाने से पहले पिता से हुई उसकी बातचीत को याद कर बार-बार फफक पड़ रहे थे। 

उन्होंने बताया कि घर से निकलने से पहले मयंक ने पिता से कहा था कि आज ट्यूशन पढ़ने नहीं जाएंगे। इस पर पिता ने उसे समझाया था कि पढ़ाई ही सबकुछ है। उन्हें क्या पता था कि पढ़ाई के लिए घर से निकला बेटा फिर कभी लौटकर नहीं आएगा।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मयंक परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है। बेटे के भविष्य को लेकर माता-पिता ने कई सपने संजोए थे। लेकिन एक सड़क हादसे ने सबकुछ उजाड़ दिया। सदर अस्पताल में मां-पिता और अन्य स्वजन के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। घर के इकलौते चिराग की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें- छठ की तैयारी के बीच सारण में बड़ा हादसा, चूल्हे के लिए मिट्टी निकालने गए दो बच्चों की मौत; गांव में पसरा मातम


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।