छठ की तैयारी के बीच सारण में बड़ा हादसा, चूल्हे के लिए मिट्टी निकालने गए दो बच्चों की मौत; गांव में पसरा मातम
सारण के बनियापुर में छठ पूजा के लिए मिट्टी निकालते समय हुए हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

अंकित और ज्योति के रूप में हुई मृतकों की पहचान
HighLights
छठ चूल्हा बनाने के लिए मिट्टी निकालते समय हादसा।
सारण के बनियापुर में दो बच्चों की मिट्टी में दबकर मौत।
अंकित (12) और ज्योति (13) की दुखद मौत से मातम।
जागरण संवाददाता, सारण। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच सारण जिले के बनियापुर से बेहद दुखद घटना सामने आई है। कामता गांव में छठ का चूल्हा बनाने के लिए मिट्टी निकाल रहे दो बच्चों की मिट्टी के नीचे दबने से मौत हो गई।
हादसा तालाब किनारे उस समय हुआ, जब दोनों बच्चे मिट्टी लेने पहुंचे थे। अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और दोनों इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
तालाब किनारे मिट्टी लेने गए थे दोनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक, कामता गांव के दोनों बच्चे छठ पूजा की तैयारी के लिए तालाब किनारे चूल्हा बनाने की मिट्टी निकालने गए थे। जिस जगह वे मिट्टी खोद रहे थे, वहां पहले से खुदाई के कारण गहरी कंदरा बन गई थी। इसी स्थान से मिट्टी निकालने के दौरान अचानक मिट्टी का भारी हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। दोनों बच्चे उसके नीचे दब गए।
अंकित और ज्योति के रूप में हुई मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान मंजय राय के 12 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और विष्णु शाह की 13 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मिट्टी हटाई और दोनों बच्चों को बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
मिट्टी से बाहर निकालने के बाद दोनों बच्चों को तत्काल बनियापुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिन घरों में छठ की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया। हादसे के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद भी मिट्टी निकालने पहुंचे ग्रामीण
इस घटना के बावजूद कुछ ग्रामीण उसी स्थान से मिट्टी निकाल रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और लोगों को वहां मिट्टी निकालने से रोक दिया। छठ पूजा की तैयारी के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार से पहले दो बच्चों की मौत से इलाके में शोक की लहर है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।