चिड़ियों का कलरव, घोड़ों की हिनहिनाहट... अब ज्योति नूरां और जावेद अली के सुरों से भी गूंजेगा सोनपुर मेला
सोनपुर मेला इस बार चिड़ियों की चहचहाहट के साथ संगीत के सुरों से भी गूंजेगा, जिसमें ज्योति नूरां, जावेद अली और सलमान अली जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। बिहार पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सूफी, बॉलीवुड और भोजपुरी लोक संगीत का संगम देखने को मिलेगा।

सूफियाना सुरों से सजेगी मेले की पहली बड़ी शाम
HighLights
ज्योति नूरां 12 दिसंबर को सूफियाना गायकी से समां बांधेंगी।
जावेद अली 13 दिसंबर को रूमानी गीतों से श्रोताओं को लुभाएंगे।
सलमान अली 19 दिसंबर को अपनी दमदार आवाज से युवाओं को झुमाएंगे।
जागरण संवाददाता, छपरा। चिड़ियों की चहचहाहट, घोड़ों की हिनहिनाहट और मेले में उमड़ती भीड़ का शोर... हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की यही पारंपरिक पहचान रही है। लेकिन इस बार मेले की फिजा में संगीत के सुर भी घुलने वाले हैं। शाम ढलते ही कहीं सूफियाना गायकी का जादू चलेगा तो कहीं मोहब्बत के नगमे लोगों को पुरानी यादों में ले जाएंगे।
भोजपुरी लोकधुनों की मिठास के साथ बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की गूंज भी सुनाई देगी। ज्योति नूरां, जावेद अली, सलमान अली, देवी और पूर्णिमा श्रेष्ठ जैसे कलाकार अपनी आवाज से मेले की सांस्कृतिक शामों को खास बनाएंगे।
सूफियाना सुरों से सजेगी मेले की पहली बड़ी शाम
12 दिसंबर को शाम छह बजे ज्योति नूरां अपनी दमदार सूफियाना गायकी से मुख्य सांस्कृतिक मंच पर समां बांधेंगी। 'पटाखा गुड्डी' और 'जुगनी' जैसे लोकप्रिय गीतों के अंदाज में उनकी प्रस्तुति दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगी। ऊंचे सुरों और जोशीली आवाज के लिए पहचानी जाने वाली ज्योति नूरां की गायकी मेले में युवाओं के साथ संगीत प्रेमियों को भी झूमने का मौका देगी।
जावेद अली की आवाज में घुलेगा मोहब्बत का रंग
13 दिसंबर की शाम पार्श्व गायक जावेद अली के नाम रहेगी। शाम छह बजे मंच पर उनकी प्रस्तुति होगी। 'जश्न-ए-बहारां' और 'तुम तक' जैसे लोकप्रिय गीतों से वह श्रोताओं को रूमानी संगीत की दुनिया में ले जाएंगे।
उनकी मखमली आवाज में शास्त्रीय संगीत और सूफियाना अंदाज का मेल सुनने को मिलेगा। यह शाम उन लोगों के लिए खास होगी, जिन्हें मधुर फिल्मी गीतों और रोमांटिक संगीत से लगाव है।
भोजपुरी सुरों में महकेगी बिहार की मिट्टी
15 दिसंबर को लोकगायिका देवी अपनी प्रस्तुति से मेले में बिहार की लोकसंस्कृति की खुशबू बिखेरेंगी। पारंपरिक लोकगीतों और मिट्टी से जुड़ी धुनों के जरिए वह भोजपुरिया समाज को अपनी संस्कृति से जोड़ेंगी।
उनकी गायकी में लोकजीवन, परंपरा और क्षेत्रीय संगीत की मिठास देखने को मिलेगी। मेले में आने वाले भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए यह शाम खास आकर्षण होगी।
सलमान अली की बुलंद आवाज पर झूमेंगे युवा
19 दिसंबर को इंडियन आइडल-10 के विजेता सलमान अली अपनी शानदार गायकी से संगीत की महफिल सजाएंगे। ऊंचे सुरों, दमदार आलाप और सूफियाना अंदाज के लिए मशहूर सलमान की 'आवारा' जैसी लोकप्रिय प्रस्तुति युवाओं के बीच खास आकर्षण रहेगी। उनकी आवाज में बॉलीवुड और सूफी संगीत का अनूठा मेल श्रोताओं को अलग अनुभव देगा।
पूर्णिमा श्रेष्ठ के गीतों से ताजा होंगी पुरानी यादें
20 दिसंबर को पूर्णिमा श्रेष्ठ अपनी पार्श्व गायकी और सदाबहार फिल्मी गीतों से मेले की शाम को मधुर बनाएंगी। उनकी प्रस्तुति में पुराने गीतों का आकर्षण और संगीत की मिठास देखने-सुनने को मिलेगी। इस शाम का खास आकर्षण परिवार के साथ मेला घूमने आए संगीत प्रेमी भी होंगे।
नवंबर से दिसंबर तक कलाकारों की सजेगी महफिल
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 28 नवंबर को अपूर्वा प्रियदर्शिनी की प्रस्तुति से हो चुकी है। 29 नवंबर को कुमार सत्यम और 30 नवंबर को कंचनमय भट्टाचार्य प्रस्तुति देंगे।
तीन दिसंबर को सौम्या मिश्रा, जबकि छह दिसंबर को शाम छह बजे आलोक सेन और रात आठ बजे दीक्षा तूर मंच संभालेंगी। इसके बाद दिसंबर में नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी रहेगा। ज्यादातर कार्यक्रम शाम छह बजे निर्धारित हैं।
पशु-पक्षियों के मेले में संगीत का भी होगा अनूठा संगम
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक पहचान, पशु बाजार, धार्मिक आस्था और ग्रामीण संस्कृति के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए मेले को मनोरंजन का भी बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी है।
पर्यटन विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में लोक, सूफी और बॉलीवुड संगीत का संगम देखने को मिलेगा। ऐसे में मेले में आने वाले लोगों को खरीदारी और घूमने-फिरने के साथ सुरों की महफिल का आनंद भी मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।