विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar MLC Election 2026: सारण में MLC चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर जोर

Published: Wed, 21 Oct 2026 03:01 PM (IST)

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. जिला प्रशासन ने सारण शिक्षक चुनाव की तैयारियां तेज कीं।

  2. मतदान कर्मियों का अंतिम प्रशिक्षण गुरुवार को होगा।

  3. स्ट्रांग रूम और मतगणना हॉल की सुरक्षा पर विशेष जोर।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों के साथ चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने गुरुवार को प्रेक्षागृह में मतदान कर्मियों का पार्टी मिलान, ब्रीफिंग और तीसरा व अंतिम प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्देश दिया।

इसमें मतदान दलों के अलावा पुलिस बल, माइक्रो आब्जर्वर, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल के अधिकारी शामिल होंगे।

प्रशिक्षण के बाद मतदान दल सुरक्षा बलों के साथ जिला कोषागार पहुंचेंगे। यहां से मतदान सामग्री, मतपत्र और मतपेटिका प्राप्त कर अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।

डीएम ने संबंधित कोषांगों को आपसी समन्वय से निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।

मतदान कर्मियों की सुविधा के लिए बनेंगे सहायता केंद्र

डीएम ने प्रेक्षागृह और गर्ल्स स्कूल में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्रों के साथ मतपेटिका संग्रहण स्थल, स्ट्रांग रूम और मतगणना हाल का जायजा लिया।

उन्होंने मतदान दलों के पार्टी नंबर के अनुसार बैठने की व्यवस्था और कुर्सियों पर पहचान संबंधी पर्ची लगाने का निर्देश दिया। प्राप्ति केंद्रों पर स्पष्ट संकेतक, पर्याप्त बैठने की जगह, अतिरिक्त कुर्सियां, सहायता केंद्र और रोशनी की व्यवस्था करने को कहा।

दूसरे जिलों से आने वाले मतदान अधिकारियों के लिए पेयजल, शौचालय और चाय की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर रात्रि ठहराव की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतगणना हाल, प्रवेश मार्ग और मतगणना अभिकर्ताओं के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की समीक्षा की।

स्ट्रांग रूम में बिजली आपूर्ति, दोहरे ताला तंत्र, सीसीटीवी कैमरों, नियंत्रण कक्ष और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मियों के बैठने की व्यवस्था भी देखी।

उन्होंने मतदान दलों को प्रवेश द्वार पर उतारने के बाद उनके वाहनों की पार्किंग राजेंद्र स्टेडियम में कराने का निर्देश दिया। साथ ही स्टेशनरी, कंप्यूटर, प्रिंटर और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी रोशन कुमार, डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, एडीएम मुकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- Neeraj Kumar Health Update: अस्पताल से घर लौटे JDU नेता नीरज कुमार, MLC चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: 8 सीटों पर 150 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर, आज शाम थम जाएगा प्रचार; 23 को मतदान