विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जीविका दीदियों को सफल उद्यमी बनाएगी बिहार सरकार, सोनपुर मेले में मंत्री ने किया प्रदर्शनी पंडाल का उद्घाटन

Published: Sat, 28 Nov 2026 02:48 PM (IST)

मंत्री श्रवण कुमार ने सोनपुर मेले में ग्राम श्री मंडप और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का उद्घाटन किया। उन्होंने जीविका दीदियों के उत्पादों का जायजा लिया और महिला सशक्तीकरण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

मंत्री श्रवण कुमार ने किया प्रदर्शनी पंडाल का उद्घाटन (सौ. जागरण)

मंत्री श्रवण कुमार ने किया प्रदर्शनी पंडाल का उद्घाटन (सौ. जागरण)

HighLights

  1. मंत्री ने सोनपुर मेले में ग्राम श्री मंडप का उद्घाटन किया।

  2. जीविका दीदियों के उत्पादों और स्वरोजगार गतिविधियों का जायजा लिया।

  3. महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर।

जागरण संवाददाता, छपरा। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में शनिवार को ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने ग्राम श्री मंडप और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों के उत्पादों और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों का जायजा लिया। 

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आया है। सरकार का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें सफल उद्यमी के रूप में स्थापित करना है।

नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण

ग्राम श्री मंडप में मंत्री का स्वागत उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने किया। वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पंडाल में डीपीआरओ ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। 

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉल पर पहुंचकर उनके उत्पादों, प्रशिक्षण और स्वरोजगार की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों का संचालन महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 

पंचायत और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, बालिका पोशाक और साइकिल योजनाओं ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

गरीबों को आवास और युवाओं को रोजगार देने पर जोर

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है। भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर जमीन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी की गई है। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। बिहार को देश के पांच विकसित राज्यों की श्रेणी में पहुंचाना सरकार का महत्वपूर्ण संकल्प है। इसके लिए आम नागरिकों और युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है।

प्रदर्शनी पंडाल में योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश

इसके बाद मंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। 

पंडाल में स्थापित वर्चुअल 3डी मनोरंजन व्यवस्था का अवलोकन करते हुए उन्होंने इसमें मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक और जागरूकता संबंधी वीडियो प्रदर्शित करने को कहा। 

उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को आकर्षित करने वाले इस माध्यम का उपयोग उपयोगी जानकारी देने में भी किया जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि विकसित बिहार का निर्माण सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में सजा सहकारिता मंडप, 15 स्टॉलों पर दिखेगी बिहार के उत्पादों की विविधता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।