विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में मंगेतर के फोन के बाद युवती ने लगाई फांसी, 4 दिसंबर को होनी थी शादी

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:45 PM (IST)

समस्तीपुर के विभूतिपुर में एक युवती ने मंगेतर से फोन पर बातचीत के बाद कथित दबाव और अपमान से परेशान ...और पढ़ें

मंगेतर के फोन के बाद युवती ने लगाई फांसी (एआई जेनरेटेड तस्वीर )

मंगेतर के फोन के बाद युवती ने लगाई फांसी (एआई जेनरेटेड तस्वीर )

संवाद सहयोगी, विभूतिपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत केराई वार्ड संख्या पांच में मंगेतर के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कथित दबाव और अपमान से परेशान 24 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। 

मृतका गांव के ही दिवंगत राम दयाल सिंह की पुत्री अस्मिता कुमारी है। आगामी 25 नवंबर को उसका तिलक और चार दिसंबर को विवाह होना तय था। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। इस बीच हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया। 

रात में मंगेतर का फोन आया

बताया जाता है कि अस्मिता अपने घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। शुक्रवार की देर शाम उसने अपनी बड़ी बहन से सामान्य और खुशनुमा माहौल में बातचीत की थी। इसके बाद रात में मंगेतर का फोन आया। दोनों के बीच बातचीत हुई। 

स्वजन का आरोप है कि फोन पर मंगेतर ने उस पर दबाव बनाया और अपमानित किया। इस बातचीत के बाद अस्मिता मानसिक रूप से परेशान हो गई और देर रात घर में ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। 

अस्मिता के इस कदम से स्वजन स्तब्ध

शनिवार की सुबह बच्चे रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बच्चों ने घरवालों को इसकी जानकारी दी। 

स्वजन और ग्रामीण जब दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो अस्मिता को फंदे से लटका देख चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभ्य और समझदार स्वभाव की अस्मिता के इस कदम से स्वजन स्तब्ध रह गए। 

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए घरवालों ने उसका मोबाइल फोन खंगाला। अंतिम फोन कॉल और बातचीत से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। 

चार दिसंबर को शादी की तिथि निर्धारित 

मृतका के भाई नवनीत कुमार और बहनोई प्रमोद कुमार ने बताया कि शादी को लेकर परिवार में काफी उत्साह था। आगामी 25 नवंबर को तिलक और चार दिसंबर को शादी की तिथि निर्धारित थी। पर्व को ध्यान में रखते हुए कपड़े, जेवरात, फर्नीचर सहित अन्य जरूरी सामान की खरीदारी कर ली गई थी। 

विवाह से जुड़ी शेष तैयारियां भी तेजी से चल रही थीं। इसी बीच इस दुखद घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, मंगेतर के घरवालों ने इन आरोपों को सरासर झूठ और बेबुनियाद बताया है। 

इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में कोचिंग गई छात्रा का झाड़ी में मिला शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।