Bihar Weather Update : उत्तर बिहार में अगले चार दिन किसानों के लिए खास, खेती के लिए मौसम रहेगा मेहरबान
उत्तर बिहार में अगले चार दिनों तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जिससे किसानों को धान की कटाई और रबी ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
अगले चार दिन उत्तर बिहार में मौसम रहेगा साफ।
धान कटाई और रबी फसलों की बुआई का अनुकूल समय।
सरसों, चना, मटर, सब्जियों की बुआई की सलाह।
संवाद सहयोगी, पूसा (समस्तीपुर) । मौसम ने किसानों को खेती-किसानी के काम निपटाने के लिए राहत भरा मौका दिया है। अगले चार दिनों तक उत्तर बिहार में आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
ऐसे में धान की कटाई और दौनी पूरी करने के साथ रबी फसलों की बुआई में तेजी लाने का यह अनुकूल समय है। कृषि वैज्ञानिकों ने मौसम की इस अनुकूलता का लाभ उठाते हुए सरसों, मटर, चना और सब्जियों की बुआई समय पर पूरी करने की सलाह दी है।
आठ से 11 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम
संवाद सहयोगी, जागरण, पूसा : डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आठ से 11 नवंबर तक उत्तर बिहार में मौसम साफ एवं शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हवा की दिशा में भी होगा बदलाव
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक पछुआ हवा चलेगी। इसके बाद पूर्वी हवा चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार तीन से आठ किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए खेतों में कृषि कार्यों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी।
सरसों की बुआई के लिए सप्ताह का अंत अहम
कृषि वैज्ञानिकों ने जिन किसानों ने अब तक सरसों की बुआई नहीं की है, उन्हें सप्ताह के अंत तक इसे पूरा करने की सलाह दी है। सरसों की खेती के लिए आरएच-749, राजेंद्र सरसों-1 और पीएम-28 किस्मों को उपयुक्त बताया गया है। वहीं, चना की खेती के लिए पूसा-256 और केपीजी-59 किस्मों का चयन करने की सलाह दी गई है।
मटर, गाजर और ब्रोकली की बुआई का भी मौका
मौसम की अनुकूलता को देखते हुए किसान मटर, चना, गाजर, लहसुन और ब्रोकली की बुआई भी कर सकते हैं। वैज्ञानिकों ने बुआई से पहले बीजोपचार करने और अनुशंसित किस्मों का ही चयन करने पर जोर दिया है। सब्जियों की खेती में संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई है।
धान की कटाई और दौनी जल्द निपटाएं
वैज्ञानिकों ने किसानों से धान की कटाई और दौनी का काम जल्द पूरा करने की अपील की है। मौसम बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना नहीं होने से किसानों को खेतों में लंबित कृषि कार्य निपटाने का अच्छा अवसर मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।