विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में आज से MBBS का ओरिएंटेशन, छात्रों को मिलेगी जानकारी

Published: Wed, 04 Nov 2026 11:00 PM (IST)

Ram Janaki Medical College Samastipur: समस्तीपुर के श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए ओरिएंटेशन ...और पढ़ें

श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज की फाइल फोटो।

श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज की फाइल फोटो।

HighLights

  1. श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस ओरिएंटेशन शुरू हुआ।

  2. नए छात्रों को शैक्षणिक माहौल, पाठ्यक्रम से परिचित कराया जाएगा।

  3. कॉलेज में 46 छात्रों का नामांकन, केवल चार सीटें रिक्त हैं।

संवाद सहयोगी, सरायरंजन (समस्तीपुर)। MBBS Orientation Programme: जिले के सरायरंजन स्थित श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार से एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए बहुप्रतीक्षित ओरिएंटेशन प्रोग्राम की शुरुआत हो रही है।

इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से नए छात्र-छात्राओं को कॉलेज के शैक्षणिक माहौल, पाठ्यक्रम और चिकित्सा पेशे के तौर-तरीकों से विस्तार से परिचित कराया जाएगा। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले आयोजित होने वाला यह एक स्वागत और परिचय कार्यक्रम है।

नामांकन की स्थिति

कॉलेज प्रशासन के अनुसार एमबीबीएस के प्रथम सत्र के लिए अब तक कुल 46 छात्र-छात्राओं का नामांकन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

वर्तमान में कॉलेज में केवल चार सीटें ही रिक्त बची हैं, जिन पर नामांकन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इन शेष चार सीटों में से दो सीटें राज्य कोटे की और दो सीटें केंद्रीय कोटे की हैं।

राज्य कोटे की सीटों पर 25 व 26 अक्टूबर और केंद्रीय कोटे की सीटों पर 28 व 29 अक्टूबर को नामांकन संपन्न कराया गया है।

Shri ram janki medical college samastipur

विधिवत उद्घाटन का इंतजार

कॉलेज प्रशासन ने पांच नवंबर से एमबीबीएस प्रथम वर्ष के लिए आरिएंटेशन की शुरुआत की है। कक्षाओं के संचालन का विधिवत उद्घाटन राज्य के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के कर-कमलों द्वारा होना है।

अभी उनके कार्यक्रम मिलने का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि छठ के बाद यह आयोजन हो सकता है। प्राचार्य डॉ. एसके कर्ण के अनुसार प्रथम वर्ष के दौरान छात्रों को एनाटॉमी, फिजियोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। हालांकि, दो विभागों में प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया अभी लंबित है, जिसके लिए विभाग को आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है।

परिचय और स्वागत

ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दौरान छात्रों के लिए कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाते हैं। इस सिलसिले में कॉलेज के डीन, प्रिंसिपल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (MS) और विभिन्न विभागों के प्रोफेसरों से नए छात्रों की औपचारिक मुलाकात कराई जाती है।

अकादमिक जानकारी

इस परिचय सत्र में छात्रों को पाठ्यक्रम, विषयों, परीक्षाओं के पैटर्न और मार्किंग स्कीम के बारे में विस्तार से समझाया जाता है। छात्रों को एनाटॉमी, फिजियोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री की लैब, डिसएक्शन हॉल तथा कक्षाओं के निर्धारित स्थान और नियमों की पूरी जानकारी दी जाती है। इससे छात्र नए माहौल में बहुत जल्द ही पूरी तरह सहज महसूस करने लगते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह

ओरिएंटेशन के दौरान नए छात्रों को मेडिकल प्रोफेशन में प्रवेश करने पर औपचारिक रूप से शपथ दिलाई जाती है। इसके तहत छात्रों को पारंपरिक रूप से हिप्पोक्रेटिक ओथ और चरक शपथ दिलाई जाती है, जिससे उन्हें अपने भावी जीवन की बड़ी जिम्मेदारी का पूरा अहसास होता है। यह भविष्य के डॉक्टरों के लिए एक बेहद प्रेरणादायक पल होता है।

कैंपस का भ्रमण

नए विद्यार्थियों को कॉलेज कैंपस, आधुनिक लाइब्रेरी, हॉस्टल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अस्पताल की ओपीडी-आईपीडी का विस्तृत दौरा कराया जाता है। इससे छात्र संस्थान की सभी आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं से भली-भांति परिचित हो जाते हैं। उन्हें परिसर के सभी जरूरी विभागों की भौतिक स्थिति की पूरी जानकारी मिल जाती है।

नियम एवं कार्यशालाएं

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को कॉलेज के एंटी-रैगिंग नियमों से सख्ती से अवगत कराया जाता है। रैगिंग के खिलाफ कड़े कानूनों और सजा के प्रावधानों के बारे में उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी जाती है।

इसके अलावा प्रोफेशनल एथिक्स, चिकित्सकीय नैतिकता, डॉक्टर-पेशेंट रिलेशन और बेसिक कम्युनिकेशन स्किल्स पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित होती हैं।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर के श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज में MBBS में 46 का नामांकन, 5 से शुरू होंगी कक्षाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।