विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में जिस गंगाजल से होनी थी कलश स्थापना, उसे लेने गए शुभम की बाया नदी में डूबकर मौत

By Mukesh kumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 11 Oct 2026 02:54 PM (GMT+05:30)

समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में शारदीय नवरात्र के लिए गंगाजल लेने गए 18 वर्षीय शुभम कुमार की बाया नदी में डूबने ...और पढ़ें

समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

HighLights

  1. शारदीय नवरात्र के लिए गंगाजल लेने गए थे शुभम।

  2. विद्यापतिनगर की बाया नदी में डूबने से हुई मौत।

  3. परिवार में कलश स्थापना की खुशियां मातम में बदलीं।

जागरण संवाददाता, विद्यापतिनगर (समस्तीपुर)। घर में शारदीय नवरात्र की तैयारी थी। कलश स्थापना के लिए गंगाजल लाने और स्नान करने की योजना के साथ 18 वर्षीय शुभम कुमार अपने चाचा के साथ निकला था।

परिवार को उम्मीद थी कि घर में पूजा-पाठ के साथ नवरात्र का शुभारंभ होगा, लेकिन कुछ ही देर में खुशियां मातम में बदल गईं। विद्यापतिनगर की बाया नदी के कष्टहरणी घाट पर स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से शुभम की मौत हो गई।

घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव नदी से निकाला गया। शव देखते ही स्वजन की चीख-पुकार से घाट का माहौल गमगीन हो गया।

चाचा के साथ पहुंचा था घाट

मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के कामराव गांव निवासी मनोज कुमार महतो के पुत्र शुभम कुमार (18) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुभम रविवार को अपने चाचा सरोज महतो के साथ ऑटो से बाजिदपुर पंचायत स्थित कष्टहरणी घाट पहुंचा था। उसे शारदीय नवरात्र में कलश स्थापना के लिए स्नान करने और गंगाजल लेने आया था।

गहरे पानी में जाने से डूबा

घाट पर स्नान करने के दौरान शुभम नदी के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद शुभम का शव नदी से बाहर निकाला गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी घाट पर पहुंच गए।

 

शव देखते ही मचा कोहराम

शुभम का शव देखते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की चीत्कार से घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिस घर में नवरात्र की पूजा की तैयारी चल रही थी, वहां युवक की मौत से मातम पसर गया। परिवार के लिए यह हादसा किसी वज्रपात से कम नहीं था।

पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना पर विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। मृतक की बुआ सुनीता देवी ने बताया कि शुभम अपने चाचा के साथ नवरात्र के लिए स्नान करने और गंगाजल लेने आया था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

यह भी पढ़ें- बगहा में कलश यात्रा के दौरान करंट से दो बच्चों की मौत, झंडा छूते ही ट्रैक्टर-ट्राली में दौड़ा करंट

यह भी पढ़ें- शिवहर में कलश शोभा यात्रा के दौरान रथ का ब्रेक फेल, महिला व बच्चे सहित 18 जख्मी, मची चीख-पुकार