विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवहर में कलश शोभा यात्रा के दौरान रथ का ब्रेक फेल, महिला व बच्चे सहित 18 जख्मी, मची चीख-पुकार

By Neeraj KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 11 Oct 2026 02:00 PM (IST)

शिवहर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन कलश शोभा यात्रा के दौरान रथ का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा ...और पढ़ें

HighLights

  1. कलश शोभा यात्रा में रथ का ब्रेक फेल हुआ।

  2. हादसे में 18 श्रद्धालु घायल, एक गंभीर रूप से जख्मी।

  3. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

जागरण संवाददाता, शिवहर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा की आराधना और भक्ति के माहौल के बीच शिवहर में अचानक चीख-पुकार मच गई। कलश शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए उत्सव का माहौल उस वक्त मातम जैसी अफरातफरी में बदल गया, जब रथ का ब्रेक फेल हो गया।

ढलान पर अनियंत्रित होकर रथ के लुढ़कने से महिला, पुरुष और बच्चों समेत 18 श्रद्धालु जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायलों को आनन-फानन में सरोजा सीताराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया है।

Sheohar latest news

ढलान पर अनियंत्रित हुआ रथ 

घटना रविवार को शहर के नवाब हाईस्कूल के पास हुई। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति चिकनौटा की ओर से शारदीय नवरात्र के पहले दिन गाजे-बाजे के साथ कलश शोभा यात्रा निकाली गई थी। इसमें सैकड़ों किशोरियों, युवतियों, महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया था। जलबोझी के बाद सभी लौट रहे थे। इसी दौरान चिकनौटा जाने वाली सड़क के ढलान पर रथ का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद रथ अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगा और उसकी चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए।

Sheohar latest UPDATE

सात बच्चे भी हुए जख्मी 

हादसे में सात बच्चों समेत 18 लोगों के जख्मी होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में अनिकेत कुमार (5), धीरज कुमार (9), हीरालाल कुमार (10), नीरज कुमार (10), शिवम कुमार (14), अनीश कुमार (12) और अनिरुद्ध (3) शामिल हैं। इसके अलावा रामपरी देवी (44), उर्मिला देवी (60), किसमती देवी (50), प्रवीण कुमार (40), ध्रुप लाल महतो (45), देव कली देवी (44), रिंकू देवी (30), गायत्री देवी (30), नगीना देवी (41), धूपलाल महतो और रूपलाल महतो (40) के घायल होने की जानकारी दी गई है।

Sheohar UPDATE

एक की हालत गंभीर, दोनें पैर टूटे 

घायलों में रूपलाल महतो की स्थिति गंभीर बताई गई है। उनके दोनों पैर टूट गए हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। हादसे में कई महिलाओं के सिर में भी चोटें आई हैं। अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में घायलों के स्वजन और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

Sheohar UPDATE 1

अधिकारी पहुंचे, घायलों के इलाज का लिया जायजा 

घटना की सूचना मिलते ही नगर सभापति राजन नंदन सिंह, एसडीओ डा. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और सिविल सर्जन डा. आरके सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और घायलों के इलाज की जानकारी ली।

अधिकारियों ने दी अलग-अलग संख्या की जानकारी

सिविल सर्जन डा. आरके सिंह ने हादसे में लगभग 15 लोगों के जख्मी होने और एक घायल को रेफर किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं। एसडीओ डा. अनंत कुमार ने भी 15 घायलों का इलाज कराए जाने की बात कही। हालांकि, घायलों की सूची में 18 लोगों के नाम शामिल हैं।