इतनी छोटी बात पर मार दी गोली, समस्तीपुर में शादी के दौरान माचिस मांगने के विवाद में फायरिंग
Wedding Dispute Firing Bihar: समस्तीपुर के सरायरंजन में एक शादी समारोह में माचिस मांगने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इसमें पवन कुमार सहनी नामक युवक के दाहिने बांह में गोली लगी, जिसका इलाज चल रहा है और पुलिस जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, सरायरंजन (समस्तीपुर)। Samastipur Wedding Firing Case: समस्तीपुर के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर बरहेता पंचायत के हरिलोचनपुर गांव में रविवार रात शादी समारोह के दौरान गोली लगने से एक युवक घायल हो गया।
गोली उसके दाहिने बांह में लगी। घायल की पहचान हरिलोचनपुर निवासी पवन कुमार सहनी के रूप में हुई है।
कहासुनी के बाद गोलीबारी
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में बाराती पक्ष के चार पांच युवक एक जगह बैठकर सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे दो तीन युवकों ने सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी।
माचिस न मिलने पर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
अफरातफरी और इलाज
मारपीट के बीच बाराती पक्ष के एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो पवन कुमार सहनी के दाहिने बांह में जा लगी। गोली चलने से शादी समारोह और गांव में अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों ने घायल युवक को इलाज के लिए समस्तीपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस की जांच जारी
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हर्ष फायरिंग में गोली लगने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।