समस्तीपुर रेल मंडल की बदलेगी तस्वीर, 29.64 करोड़ से दरभंगा समेत 7 स्टेशनों का होगा विकास
समस्तीपुर रेल मंडल में 29.64 करोड़ रुपये की लागत से सात महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे आधारभूत संरचनाएं मजबूत होंगी और स्टेशनों की सुविधाएं बेहतर होंगी।

समस्तीपुर रेल मंडल में होगा विकास कार्य। (फाइल फोटो)
HighLights
29.64 करोड़ रुपये से समस्तीपुर रेल मंडल में सात विकास कार्य।
दरभंगा सहित कई स्टेशनों के यार्ड और सुविधाओं का उन्नयन।
समस्तीपुर में रेलकर्मियों के लिए नए आवासों का निर्माण होगा।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल में रेलवे की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने और विभिन्न स्टेशनों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सात महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों पर करीब 29 करोड़ 64 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों के यार्ड में सुधार के साथ स्टेशन के उन्नयन से जुड़े सिविल कार्य कराए जाएंगे।
वहीं, समस्तीपुर में रेलकर्मियों के लिए नए आवास बनाए जाएंगे। इसके अलावा समपार फाटकों पर तकनीकी व्यवस्था से जुड़े अलग-अलग कमरों का निर्माण और महत्वपूर्ण पुलों के चैनल स्लीपर की फिटिंग का नवीनीकरण भी किया जाएगा। इन कार्यों से रेलवे की परिचालन व्यवस्था से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
दरभंगा समेत छह स्टेशनों के यार्ड में होगा सुधार
रेल मंडल में स्टेशन विकास से जुड़े कार्यों के तहत दरभंगा, सगौली, रक्सौल, ढेंग, सकरी, जनकपुर रोड और जयनगर स्टेशनों को शामिल किया गया है।
दरभंगा स्टेशन के यार्ड में सुधार और स्टेशन के उन्नयन से संबंधित सिविल कार्य पर करीब 4.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह सगौली स्टेशन के यार्ड सुधार एवं स्टेशन विकास पर करीब 4.18 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
रक्सौल और ढेंग स्टेशनों के यार्ड में सुधार तथा स्टेशन के उन्नयन के लिए करीब 5.58 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, सकरी, जनकपुर रोड और जयनगर स्टेशनों के यार्ड सुधार एवं स्टेशन विकास पर करीब 3.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन कार्यों के लिए छह से नौ महीने तक की कार्य अवधि निर्धारित की गई है।
समस्तीपुर में बनेंगे टाइप-IV और टाइप-V के 12 आवास
रेलवे कर्मचारियों की आवासीय सुविधा बढ़ाने के लिए समस्तीपुर में छह टाइप-IV और छह टाइप-V श्रेणी के आवासों का निर्माण कराया जाएगा।
कुल 12 आवासों के निर्माण पर करीब 7.38 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस कार्य को पूरा करने के लिए 12 महीने की अवधि निर्धारित की गई है। इससे रेलकर्मियों के लिए आवासीय सुविधा का विस्तार होगा।
13 समपार फाटकों पर बनेंगे तकनीकी कमरे
मंडल के अंतर्गत 13 समपार फाटकों पर रिले रूम, आईपीएस रूम और बैटरी रूम का निर्माण कराया जाएगा। इन कमरों का उपयोग रेलवे की सिग्नलिंग एवं तकनीकी व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं के लिए किया जाएगा।
इस कार्य पर करीब 1.99 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही महत्वपूर्ण पुलों के चैनल स्लीपर की फिटिंग का नवीनीकरण भी कराया जाएगा। इस पर करीब 2.05 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
15 दिसंबर तक पूरी होगी निविदा प्रक्रिया
इन सभी सात कार्यों के लिए रेलवे की ओर से निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक एजेंसियां 15 दिसंबर तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगी। सभी कार्यों की कुल अनुमानित लागत 29 करोड़ 64 लाख 14 हजार 749 रुपये है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।