कल्याणपुर में कहासुनी के बाद युवक की चाकू से हत्या, समस्तीपुर पुलिस जांच में जुटी
समस्तीपुर के कल्याणपुर प्रखंड में आपसी कहासुनी के बाद एक युवक अजीत सहनी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

शनिवार की सुबह आपसी कहासुनी में हुई घटना।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Kalyanpur Murder: समस्तीपुर के कल्याणपुर प्रखंड के भागीरथपुर गांव में शनिवार सुबह आपसी कहासुनी के दौरान चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान मुक्तापुर पंचायत के वार्ड सात अंतर्गत गढ़ा गांव निवासी रामदयाल सहनी के पुत्र अजीत सहनी के रूप में हुई है। बताया गया कि अजीत शनिवार अल सुबह करीब 6:30 बजे अपने गांव के बगल स्थित भागीरथपुर गांव पहुंचे थे।
कहासुनी के बाद हमला
इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी झगड़ू सहनी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इसी क्रम में झगड़ू सहनी ने अजीत सहनी के पेट में चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से अजीत गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
रास्ते में तोड़ा दम
स्वजन व अन्य लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के स्वजन में कोहराम मच गया। घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद के कारणों के साथ ही घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी पड़ताल कर रही है। डीएसपी संजय कुमार ने घटना की पुष्टि की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।