समस्तीपुर को जल्द मिलेगी लंबी दूरी की ट्रेनों की सौगात, 2.5 करोड़ से बन रहा नया वाशिंग पिट
समस्तीपुर जंक्शन पर 2.50 करोड़ रुपये की लागत से 10 बोगियों की क्षमता वाले नए वाशिंग पिट का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

वाशिंग पिट का निर्माण कार्य का निरीक्षण करते रेल विकास विस्तार मंच के सदस्य। (जागरण)
HighLights
समस्तीपुर जंक्शन पर नया वाशिंग पिट दिसंबर तक तैयार।
2.50 करोड़ की लागत से 10 बोगियों की क्षमता।
लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। समस्तीपुर जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की दिशा में रेलवे ने पहल तेज कर दी है।
स्टेशन पर करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से 10 बोगियों की क्षमता वाले नए वाशिंग पिट का निर्माण कार्य चल रहा है। दिसंबर तक इसके पूरा होने की उम्मीद है।
शनिवार को रेल विस्तार एवं विकास मंच के प्रतिनिधिमंडल ने निर्माणाधीन वाशिंग पिट का निरीक्षण किया। मंच ने निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए रविवार को प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।
मंच के अनुसार, समस्तीपुर जंक्शन पर पहले से 12 बोगियों की क्षमता वाला वाशिंग पिट उपलब्ध है। नए वाशिंग पिट के निर्माण से दोनों की कुल क्षमता 22 बोगियों की हो जाएगी।
वाशिंग पिट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्तीपुर जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू करने में कठिनाई हो रही थी।
ट्रेनों का रखरखाव होगा बेहतर
नए वाशिंग पिट के तैयार होने से ट्रेनों के रखरखाव और परिचालन संबंधी सुविधाओं में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इससे भविष्य में समस्तीपुर से लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
रेल विस्तार एवं विकास मंच ने वाशिंग पिट की स्वीकृति और निर्माण को अपने लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि समस्तीपुर जंक्शन से लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन शुरू कराने के लिए वाशिंग पिट का निर्माण महत्वपूर्ण है।
निर्माण कार्य शुरू होने के बाद मंच ने इस मांग को लेकर रविवार को प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। वहीं, लंबे समय से बंद पड़े भोला टाकीज रेल ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को फिर से शुरू कराने की मांग पर मंच ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।
निरीक्षण के दौरान रेल विस्तार एवं विकास मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता शाहीद हुसैन एवं अशोक राय, राजद के राकेश कुमार ठाकुर, राम विनोद पासवान एवं मनोज कुमार राय, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी तथा सुशील कुमार राय सहित अन्य लोग मौजूद थे।
