छठ के बाद ट्रेनों में उमड़ी भीड़ तो रेलवे ने बुलाए निजी गार्ड, समस्तीपुर जंक्शन पर बढ़ी सुरक्षा
छठ पर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। ...और पढ़ें

समस्तीपुर जंक्शन पर तैनात निजी सुरक्षा गार्ड। जागरण
HighLights
छठ पर्व के बाद समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी।
रेलवे ने भीड़ नियंत्रण हेतु 15 निजी सुरक्षाकर्मी तैनात किए।
आरपीएफ, रेल पुलिस मिलकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । छठ पर्व के बाद दूसरे प्रदेशों में काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ समस्तीपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए रेलवे को निजी सुरक्षा एजेंसी का सहारा लेना पड़ रहा है।
यात्रियों की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण के लिए रेल प्रशासन ने 15 निजी सुरक्षा कर्मियों को किराये पर लिया है। इनकी तैनाती दिन और रात की शिफ्ट में की गई है।
यह व्यवस्था रेलवे के नियमित सुरक्षा बलों पर बढ़ते दबाव और यात्रियों की भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था संभालने की चुनौती को भी उजागर करती है। समस्तीपुर जंक्शन पर निजी सुरक्षा एजेंसी के 15 कर्मी यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ फुट ओवरब्रिज पर भी भीड़ नियंत्रित करेंगे।
वहीं रेलवे सुरक्षा बल की ओर से स्टेशन की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के लिए 35 जवानों की तैनाती की गई है। ये जवान 24 घंटे यात्रियों की भीड़ पर नजर रखेंगे।
ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करने, यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से आने-जाने तथा स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी इनके पास होगी।
रेलवे की ओर से निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का भुगतान मंडल स्तर पर किया जाएगा। समस्तीपुर जंक्शन के अलावा रेल मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी भीड़ के मद्देनजर निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों को तैनात किया गया है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होने पर रेलवे को अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था करनी पड़ रही है। ऐसे में निजी एजेंसी के जवानों की तैनाती नियमित सुरक्षा बलों की उपलब्धता और भीड़ के अनुपात में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती को सामने लाती है।
मुख्य प्रवेश और कारखाना गेट पर रेल पुलिस की तैनाती
यात्रियों की आवाजाही के दौरान मुख्य प्रवेश द्वार और कारखाना गेट पर भी भीड़ की स्थिति से निपटने के लिए रेल पुलिस ने अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। दोनों प्रवेश द्वारों पर आधा दर्जन से अधिक पुलिस बल यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे।
ट्रेन के आने और यात्रियों के स्टेशन पहुंचने के समय गेट पर भीड़ जमा होने से रोकने के लिए जवानों को अलर्ट रखा गया है। रेलवे की इस व्यवस्था के तहत आरपीएफ, रेल पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मी मिलकर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।