विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिल्मी अंदाज में घायल युवक का अपहरण: समस्तीपुर में अस्पताल ले जा रहे घायल युवक को घरवालों से छीना

Published: Sat, 21 Nov 2026 04:06 PM (GMT+05:30)

समस्तीपुर के हसनपुर में सड़क हादसे के बाद अस्पताल ले जाते समय एक घायल युवक को अज्ञात बदमाशों ने परिवार से छीन लिया। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल युवक के स्वजनों की भीड़। (जागरण)

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल युवक के स्वजनों की भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. सड़क हादसे में घायल युवक को बदमाशों ने छीना।

  2. अस्पताल ले जाते समय हसनपुर बाजार के पास हुई घटना।

  3. पुलिस ने युवक को बेहोशी की हालत में बरामद किया।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। हसनपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया।

इलाज के लिए अस्पताल ले जाए जा रहे एक घायल युवक को बीच रास्ते में आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने घरवालों के कब्जे से जबरन छीन लिया और फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, पुलिस और स्वजन की तत्परता से की गई खोजबीन के बाद शनिवार की सुबह में ही युवक को गढ़पुरा रेलवे ढाला के समीप बेहोशी की हालत में बरामद कर लिया गया।

घायल युवक की पहचान बड़गांव पंचायत के बहत्तर ग्राम निवासी मो. कयूम के 23वर्षीय पुत्र मो. सदरे आलम के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, हसनपुर-बिथान मुख्य पथ स्थित बड़गांव गांव के पास शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे एक अनियंत्रित टेंपो ने मो. सदरे आलम को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

हादसे के बाद जुटे स्थानीय राहगीरों ने आनन-फानन में इसकी सूचना उसके स्वजन को दी। मौके पर पहुंचे स्वजन ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे हसनपुर बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए 5 से 6 की संख्या में अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि घरवाले कुछ समझ पाते, आरोपियों ने घायल युवक को जबरन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना से बदहवास स्वजन ने तुरंत स्थानीय थाने की पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।

सक्रिय हुई पुलिस

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कांत पुलिस टीम के साथ सक्रिय हो गए और स्वजन के साथ मिलकर विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी व तलाश अभियान शुरू किया।

घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 8:30 बजे मो. सदरे आलम गढ़पुरा रेलवे ढाला के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला।पुलिस ने युवक को कब्जे में लेकर इलाज के लिए भिजवाया है।

बीच बाजार हुई इस वारदात के पीछे की वजह क्या है और आरोपी कौन थे, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ व जांच में जुटी है। समाचार प्रेषण तक घायल युवक का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर को आज 770 करोड़ की योजनाओं की सौगात, पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास व शुभारंभ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।