समस्तीपुर को आज 770 करोड़ की योजनाओं की सौगात, पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास व शुभारंभ
NH 122B Samastipur Connectivity: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली दौरे के दौरान समस्तीपुर को 770.49 करोड़ रुपये की चार विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

अमृत योजना फेज वन के तहत 129.85 करोड़ की जलापूर्ति योजना 24 घंटे निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
HighLights
पीएम मोदी समस्तीपुर को देंगे 770 करोड़ की सौगात।
शुद्ध जलापूर्ति, श्रम भवन का होगा शिलान्यास।
खेल भवन, एनएच 122बी परियोजना का होगा शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। PM Modi Samastipur Development Schemes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली दौरे के दौरान समस्तीपुर को करीब 770.49 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें दो परियोजनाओं का शिलान्यास और दो का शुभारंभ किया जाएगा।
शहर में 24 घंटे शुद्ध जलापूर्ति की योजना पर 129.85 करोड़ और डढिया बेलार में बनने वाले श्रम भवन पर 6.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिनकी पीएम आधारशिला रखेंगे।
वहीं 10.31 करोड़ से निर्मित खेल भवन और 624 करोड़ की एनएच 122बी परियोजना का शुभारंभ होगा, जबकि शहरी आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा।
शुद्ध पेयजल की सुविधा
समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र में नगर विकास विभाग की अमृत योजना फेज वन के तहत 129.85 करोड़ की जलापूर्ति योजना 24 घंटे निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
इससे शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों की निर्भरता वैकल्पिक स्रोतों पर कम होगी। बढ़ती आबादी व शहरी विस्तार को देखते हुए यह योजना शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुधारेगी।
खेल भवन से लाभ
जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आरएसबी महाविद्यालय काशीपुर में 10.31 करोड़ रुपये की लागत से खेल भवन तैयार किया गया है। इसके शुरू होने से खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने के लिए अच्छा मंच मिलेगा।
एनएच 122बी की कनेक्टिविटी
624 करोड़ रुपये की लागत वाली एनएच 122बी परियोजना से समस्तीपुर के साथ वैशाली और बेगूसराय के लोगों को भी फायदा मिलेगा। इससे दलसिंहसराय व पटोरी अनुमंडल के बाजार और दलसिंहसराय से हाजीपुर व पटना की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे सरैसा के सब्जी उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा।
परियोजना से करीब 1.7 करोड़ आबादी को लाभ पहुंचने की उम्मीद है और व्यापार, परिवहन, कृषि ढुलाई व आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।