समस्तीपुर में मछली मारने गए चार मछुआरों को घेरा, रंगदारी नहीं देने पर एक को गोली मारी
समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने गए मछुआरों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। विरोध करने ...और पढ़ें

8 से 10 लोगों ने मछुआरों को घेर लिया और फायरिंग में केवल चौधरी नामक मछुआरे के हाथ में गोली लग गई।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Fisherman Shooting: जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर दियारा में मछली पकड़ने गए चार मछुआरों के साथ मारपीट और गोलीबारी की घटना सामने आई है।
आरोप है कि दियारा में मछली पकड़ने के एवज में एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसका विरोध करने पर 8 से 10 लोगों ने मछुआरों को घेर लिया और फायरिंग में केवल चौधरी नामक मछुआरे के हाथ में गोली लग गई।
नाव से अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद घायल को नाव से गंगा पार कर बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि चारों मछुआरे मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर दियारा में मछली पकड़ने गए थे।
एक लाख रुपये की मांग
घायल के पुत्र के अनुसार, घटना के समय आरोपित पक्ष की ओर से दियारा में मछली पकड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
परिजनों का दावा है कि इस मांग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। स्वजन के मुताबिक, मछुआरों ने कथित रंगदारी देने से इनकार किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
विरोध पर हुई फायरिंग
इसी दौरान प्रिंस नामक एक व्यक्ति ने गोली चला दी, जो केवल चौधरी के हाथ में लगी। गोली चलने के बाद दियारा क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। इसके बाद घायल को तत्काल नाव से गंगा पार कर बाढ़ के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने पर एनटीपीसी थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल व उसके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस घटना के कारणों, गोली चलाने वाले व्यक्ति और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मछुआरों से कथित तौर पर रंगदारी मांगने के आरोप की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दी अलग जानकारी
मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि मछुआरों के बीच झड़प की जानकारी मिली है। गोलीबारी या गोलीकांड में अभी तक किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
