विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान में आभूषण कारोबारी से 20 लाख की लूट, दो बाइक पर आए चार थे 4 बदमाश; फायरिंग से दहशत

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:24 PM (IST)

सिवान के दारौंदा थाना क्षेत्र में डिब्बी-जलालपुर मार्ग पर दो बाइक सवार चार बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी से 20 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट लिए।

दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने द‍िया घटना को अंजाम। सांकेत‍िक तस्‍वीर

दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने द‍िया घटना को अंजाम। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. दारौंदा में आभूषण कारोबारी से 20 लाख की लूट।

  2. बदमाशों ने व्यवसायी को पिस्टल के बट से घायल किया।

  3. घटना के दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की।

संवाद सूत्र, दारौंदा (सिवान)। सिवान के दारौंदा थाना क्षेत्र के डिब्बी-जलालपुर मार्ग पर शुक्रवार की शाम दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने आभूषण कारोबारी से 20 लाख के गहने और रुपये लूट लिए। 

विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी को पिस्टल के बट से मार कर घायल कर दिया और घटना को अंजाम देकर सभी बदमाश डिब्बी बाजार की ओर फरार हो गए।

इस घटना के दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने कुछ राउंड हवाई फायरिंग भी की। घायल व्यवसायी की पहचान शिवजी प्रसाद के पुत्र रत्नेश कुमार के रूप में हुई है। सूचना प्रेषण तक पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची थी।

डिब्बी-जलालपुर के बीच चार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

जानकारी के अनुसार, रत्नेश कुमार डीबी बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से जलालपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान डिब्बी-जलालपुर के बीच दो मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर उनके पास मौजूद नकदी और आभूषण लूटने लगे।

जब व्यवसायी ने वारदात के दौरान विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें पिस्टल के बट से प्रहार कर घायल कर दिया और डिब्बी बाजार की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। बीच सड़क हुई लूट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया था।

2022 में भी हुई थी लूट 

2022 में भी डिब्बी-चनचौरा बाजार स्थित स्वर्ण व्यवसायी शिवकुमार साह की दुकान में छह अपराधियों ने धावा बोलकर करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी।

वारदात के दौरान अपराधियों ने बमबारी और तीन राउंड फायरिंग कर बाजार में दहशत फैला दी थी। अपराधियों को पकड़ने का प्रयास करने वाले दो युवक भी घायल हुए थे।